एक सप्ताह पहले नागरिक अस्पताल के आईडीपीएस कार्यालय में कर्मचारियों द्वारा शराब पीने का मामला सामने आने के बाद अब कार्यालय की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी गायब कर दी गई है। इससे साफ है कि आरोपी खुद को बचाने के लिए हर तिकड़म लगा रहे हैं। हालांकि दिल्ली के आईटी विशेषज्ञ गायब हुई सीसीटीवी फुटेज को डीवीआर से रिकवर करने में लगे हुए हैं, लेकिन इसमें अधिकारियों की कार्यप्रणाली से आरोपियों को बचाने की मंशा साफ दिख रही है।
इस मामले की जांच फिलहाल नागरिक अस्पताल के उप सिविल सर्जन डॉ. रमेश पांचाल द्वारा की जा रही है। ऐसे में जांच के दौरान जब सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने का प्रयास किया गया तो उस दिन की फुटेज ही गायब मिली। इसके बाद दिल्ली से विशेषज्ञ को डीवीआर से रिकवरी के लिए बुलाया गया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के लिए ही अधिकारियों की अनुमति की जरूरत होती है, लेकिन अस्पताल में यह फुटेज गायब ही कर दी गई है। ऐसे में अधिकारियों की मंशा पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले में नया मोड़, एडीसी से जांच की मांग
इस मामले में बुधवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब मामले की सूचना देने वाले कानूनगो मोहल्ला निवासी अरुण कुमार डीसी डॉ. आदित्य दहिया से मामले की जांच एडीसी स्तर के अधिकारी से करवाने की मांग की। अरुण कुमार का कहना है कि सभी तथ्य सामने आने के बावजूद इस मामले को लंबा खींचा जा रहा है, ताकि दोषियों को बचाया जा सके। गौरतलब है कि गत वीरवार को ही यहां शराब पीने का मामला सामने आया था। इसके बाद कुछ कर्मचारियों के फोटो भी आए, लेकिन अभी तक किसी पर कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस ने खुद मौके पर पहुंच कर कार्यालय से शराब की बोतल व शराब से भरे गिलास व अन्य सामान बरामद किया था।
सेवादार को धमकाया
डीसी को दी शिकायत में अरुण कुमार ने कहा कि जिस दिन मामला सामने आया, उसी दिन से कार्यालय में तैनात चौकीदार को धमकाया जा रहा है। ऐसे में इस मामले में जल्द व सख्त कार्रवाई की जाए।
नहीं है सीसीटीवी फुटेज
जांच के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा गया, लेकिन वीरवार की फुटेज गायब है। इसके लिए विशेषज्ञ का सहारा लिया जा रहा है। मामले की जांच पूरी निष्पक्षता से की जाएगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
डॉ. मनजीत सिंह, सिविल सर्जन।