जुलाना। कस्बे के रेलवे स्टेशनों का बुधवार को डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने औचक निरीक्षण किया। डीआरएम के जुलाना पहुंचने की सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन पर कर्मचारियों में सतर्कता देखी गई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया।
डीआरएम ने किनाना, जैजैवंती और जुलाना रेलवे स्टेशनों का दौरा कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों और निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। जुलाना रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर लोगों ने डीआरएम का फूल मालाओं से स्वागत किया। डीआरएम के समक्ष जुलाना स्टेशन पर अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी।
लोगों का कहना है कि जुलाना क्षेत्र में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है लेकिन ट्रेनों के ठहराव की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों को देखा और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जुलाना रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में सुविधा मिलेगी। स्टेशन पर जल्द ही नए प्लेटफॉर्म का निर्माण भी किया जाएगा।
जुलाना–हांसी मार्ग पर प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली और कहा कि इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने स्टेशन परिसर में पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जुलाना रेलवे स्टेशन का दौरा कर यह पाया गया है कि यहां कई नए विकास कार्य चल रहे हैं जो भविष्य में यात्रियों के लिए लाभदायक सिद्ध होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीआरएम ने बताया कि स्टेशन पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी और सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे ताकि यात्रियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
पहले होगा स्टेशन का कॉमर्शियल सर्वे, फिर रुकेगी ट्रेन
जुलाना रेलवे स्टेशन पर पहुंचे डीआरएम ने कहा कि जुलाना रेलवे स्टेशन का पहले कॉमर्शियल सर्वे कराया जाएगा। यदि यात्री नियमित रूप से टिकट खरीदकर यात्रा करेंगे तो ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी दी जाएगी।
21जेएनडी06: जुलाना में रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करते डीआरएम। स्रोत प्रशासन