फोटो 22जेएनडी16-नागरिक अस्पताल में परिजनों से बातचीत करते हुए पुलिस। संवाद
जींद। ढाठरथ से खांडा मार्ग पर सोमवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार 35 वर्षीय तरसेम की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। डॉक्टरों ने तीनों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
अलेवा निवासी रमेश ने पुलिस को बताया कि उनका 35 वर्षीय बेटा तरसेम कार लेकर अपने चचेरे भाई अमरजीत और गांव के ही संदीप के साथ कालवा रिश्तेदारी में गया था। वापसी के दौरान भुरायण निवासी दीपक फौजी और दीपक भी उनके साथ कार में सवार हो गए।
देर रात पांचों कार से ढाठरथ-खांडा मार्ग से होते हुए घर लौट रहे थे। ढाठरथ और खांडा के बीच अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। कार में सवार पांचों लोग घायल हो गए।
राहगीरों ने सभी घायलों को नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तरसेम को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनजीत, संदीप, दीपक फौजी और दीपक का इलाज शुरू किया गया। इनमें से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
वर्जन
कार सवार लोग रिश्तेदारी से घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे एक युवक की मौत हो गई और चार घायल हुए हैं। इस मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
-आत्माराम, प्रभारी, पुलिस थाना अलेवा