अमरहेड़ी गांव से नाबालिगलड़की को अगवा करने और उसकी मां सुमन की हत्या करने के आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग करते हुए बुधवार शाम मैढ़ सुनार सभा के सदस्यों ने नरवाना और सफीदों में कैंडल मार्च निकाला।
जबकि मैढ़ सुनार सभा की जींद में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि चार सितंबर को शहर के नेहरू पार्क से मैढ़ सुनार सभा शहर में मौन प्रदर्शन करेगी।
नरवाना में हुए कैंडल मार्च की अगुवाई मैढ़ सुनार सभा के खंड प्रधान दर्शन लाल सोनी, जबकि सफीदों में स्वर्णकार सभा के प्रधान चुन्नी लाल व राजकुमार वर्मा ने किया।
सुनार सभा के पदाधिकारियों ने प्रशासन पर मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया। उन्होंने मामले की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि बृहस्पतिवार तक अपह्त की गई लड़की को बरामद करके व सुमन के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को तेज कर दिया जाएगा।
सफीदों स्वर्णकार सभा के प्रधान चुन्नी लाल व राजकुमार वर्मा ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि 29 अगस्त को हुई इस घटना के छह दिन के बाद आज तक पुलिस के हाथ खाली है। इससे यह साबित होता है कि पुलिस अपने काम के प्रति कितनी गंभीर है। जिला क्राइम का अड्डा बनता जा रहा है।
यहां कोई भी किसी को उठा ले जाना, किसी की भी हत्या कर देना जैसे आम बात हो गई है। आज जींद का ये आलम है कि सरेआम अपराध कर अपराधी आसानी से बच निकलते हैं, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ रखकर तमाशबीन बनी हुई है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।
आज करेंगे मौन प्रदर्शन
मैढ़ सुनार सभा के महासचिव राममेहर तोशावड ने कहा कि बृहस्पतिवार तक अपह्त की गई लड़की को बरामद करके व सुमन के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो चार सितंबर को सुबह जींद के नेहरू पार्क में बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद शहर में रोष प्रदर्शन करके राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम डीसी को ज्ञापन दिया जाएगा। अगर इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो निर्णायक आंदोलन का ऐलान कर दिया जाएगा।