संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। महाभारतकालीन नागक्षेत्र सरोवर में अब जल्द पानी भरा जाएगा। नहरी विभाग के निरीक्षण और अधिकारियों के आश्वासन ने लोगों और श्रद्धालुओं में नई उम्मीद पैदा की है।
नगर के इस प्राचीन सरोवर में पानी की आपूर्ति लंबे समय से बाधित है। शनिवार को नहरी विभाग के जेई ललित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नहर में उतरकर जल स्तर का मुआयना किया। समस्या की जड़ तक पहुंचने का प्रयास किया। नागक्षेत्र सरोवर में पानी की आपूर्ति शहर के बीच से गुजरने वाली हांसी ब्रांच नहर के माध्यम से होती थी लेकिन जब इस नहर पर घोड़ापुली वाला पुल बनाया गया तभी से सरोवर तक पानी पहुंचाने वाली मोरी बंद पड़ी है।
यही कारण है कि करीब डेढ़ साल से सरोवर में पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंच पाई। पानी की कमी के कारण पिछले दिनों सरोवर में हजारों मछलियों की मौत हो गई थी। श्री नागक्षेत्र मंदिर सुधार समिति और अखिल भारतीय ब्राह्मण संसद के पदाधिकारियों ने विधायक रामकुमार गौतम को ज्ञापन भी दिया था।
विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशों के बाद ही नहरी विभाग हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
वर्जन
सरोवर को जोड़ने वाली नहर की मोरी को ठीक करने के लिए नया एस्टीमेट सरकार को भेजा जाएगा। चौड़ी मोरी बनाकर जोड़ा जाएगा ताकि पानी की आपूर्ति फिर से शुरू हो सके और भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न आए। -ललित कुमार, जेई, नहरी विभाग सफीदों