25जेएनडी39: मच्छर जनित बीमारियों से बचाने के लिए चलाए गए जागरूकता अभियान के तहत मकानों पर पोस्
जींद। जिले में डेंगू और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चलाए जा रहे सर्वे के दौरान मकानों में मच्छरों का लारवा मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 50 मकान मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें 46 नोटिस जींद शहर और चार नोटिस नरवाना क्षेत्र में भेजे गए हैं।
विभाग की टीमें लगातार घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों की जांच कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की करीब 200 टीमें गांवों और शहर की कॉलोनियों में जाकर लोगों को जागरूक करने में जुटी हैं।
टीमें घरों में रखे कूलर, गमले, टायर, पानी की टंकियों और अन्य स्थानों की जांच कर रही हैं, जहां साफ पानी जमा होने से डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर का लारवा पनप सकता है।
जहां भी लारवा मिल रहा है, वहां तुरंत दवाई का छिड़काव किया जा रहा है और संबंधित मकान मालिक को नोटिस जारी किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस बार अर्बन इस्टेट सहित शहर की कई पॉश कॉलोनियों में भी लारवा मिलने के मामले सामने आए हैं।
विभाग का कहना है कि जागरूकता की कमी के कारण लोग घरों में जमा पानी को गंभीरता से नहीं ले रहे, जिससे डेंगू फैलने का खतरा बढ़ रहा है।
विभाग की टीमें रोजाना विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं और जहां भी लारवा मिलता है, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई रखें तथा पानी जमा न होने दें, ताकि डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव किया जा सके।