जींद। संविधान दिवस पर सीआरएसयू में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेताओं की पूछ नहीं है। शैलजा ने भाजपा पर लगाए पक्षपात के आरोपों पर कहा कि शैलजा को पार्टी में हुड्डा नहीं पूछ रहा। कभी हुड्डा व शैलजा पार्टी को बचाने के लिए एक साथ बैठकर सलाह तो करें, दूसरी तरफ हुड्डा को चंडीगढ़ से कोठी खाली करना ही मुश्किल बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता को कोठी मिलती है, लेकिन कांग्रेस ने हुड्डा को विपक्ष का नेता भी नहीं बनाया। इसके चलते उनको कोठी खाली करनी होगी। मोहन लाल बड़ौली पर लगे आरोपों पर कहा कि वह इस मामले में बयान देना उचित नहीं समझते। उनके परिवार ने खुद सीबीआई की मांग की है। इसके अलावा पुलिस भी जांच कर रही है। जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की आप की सरकार भ्रष्टाचार की सरकार है। उनके मंत्री व खुद पार्टी के मुखिया भी भ्रष्टाचार के मामले में जेल में गए थे। कई विधायक पार्टी छोड़कर जा चुके हैं। केजरीवाल जनता के बीच बड़ी घोषणाएं करके उनको पूरा नहीं करते और हर बात पर केंद्र सरकार को बाधा बताकर दिल्ली वासियों को गुमराह करते हैं।