नरवाना। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि भाजपा सरकार आमजन के कल्याण के लिए समर्पित है और उसकी सभी योजनाओं का उद्देश्य सर्व समाज का विकास सुनिश्चित करना है। सरकार की नीतियों का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है।
सोमवार को इस्माइलपुर रोड स्थित आजाद बस्ती में भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में वार्ड नंबर 14 व 15 के बूथ नंबर 152 पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि सरकार किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी, युवा, महिला और वंचित वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। महिलाओं के सम्मान में हर घर शौचालय और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया है।
वहीं, बिना पर्ची-बिना खर्ची की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को सरकारी नौकरी की उम्मीद है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 24 घंटे बिजली, बेहतर सड़कें, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने दावा किया कि जनता ने लगातार तीसरी बार केंद्र और राज्य सरकार को समर्थन देकर विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता किसान हित है। जिन किसानों को तकनीकी कारणों से मुआवजा नहीं मिल पाया है उनकी दोबारा समीक्षा की जा रही है ताकि उन्हें उनका हक मिल सके।
इस मौके पर मार्केट कमेटी चेयरमैन अमित ढाकल, वाइस चेयरमैन सत्य प्रकाश सैनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।