सफीदों। गांव मलार के पास मंगलवार सुबह एक सहकारी समिति की बस को बेकाबू कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में बस पलट गई। बस में सवार लगभग 30 लोगों में से चार लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बस के शीशे तोड़कर लोगों को निकाला। वहीं कैंटर की चपेट में आने से एक बाइक सवार भी घायल हो गया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जींद से सफीदों जा रही एक सहकारी समिति की बस सुबह लगभग आठ बजे मलार मोड़ के पास पहुंची। तभी सामने से आ रहे कैंटर ने सड़क की बीच पट्टी को पार करते हुए बस को टक्कर मार दी। बस चालक अमित ने बस को बचाने के लिए रोड से नीचे उतार दिया तो बस पलट गई। कैं टर पेड़ से टकरा गया। बस पलटते ही चीख पुकार मच गई। तुरंत आसपास के काफी लोग मौके पर जमा हो गए। बस चालक अमित व परिचालक रामरतन ने बस के आगे का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। इस हादसे में चार लोगों को मामूली चोट आई। वहीं बाइक चालक गांव रजाना निवासी दीपक भी घायल हो गया। सभी नागरिक अस्पताल सफीदों में दाखिल करवाया गया। यहां से दीपक तथा गांव बिरोली निवासी महिला प्रकाशी देवी को जींद के नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया जबकि अन्य सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी। कैटर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
फोटो कैप्शन
11जेएनडी21 : सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर खड़ा केंटर व पास पड़ी बाइक। संवाद।
11जेएनडी22 : सड़क किनारे पलटी बस। संवाद।