जींद। जींद से हल्द्वानी जाने वाली बस का किराया वापस घट गया है। अब तक यात्रियों को 766 रूपये देने पड़ रहे थे जो अब 594 हो गए हैं।पिछले दिनों पहाड़ों में हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जींद से हल्द्वानी जाने वाली बस को वाया बिजनौर की बजाय हरिद्वार होकर भेजा जा रहा था।
इससे यात्रियों को पहले की अपेक्षा 172 रुपये ज्यादा किराया देना पड़ रहा था। अब स्थिति में सुधार है तो बसों का संचालन भी निर्धारित रूट से शुरू हो गया है जिससे किराया कम हो गया है।
पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के बिजनौैर में जलभराव की स्थिति के कारण जींद से हल्द्वानी जाने वाली बस को वाया हरिद्वार चलाया जा रहा था। वाया बिजनौर होकर जींद से हल्द्वानी की दूरी 434 किलोमीटर पड़ती है और किराया 594 रुपये लगता है।
जबकि वाया हरिद्वार होकर जाने पर बस को 521 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही थी और यात्रियों का किराया 766 रुपये लग रहा था। इस प्रकार जींद से हल्द्वानी जाने वाली बस को पहले की अपेक्षा 87 किलोमीटर ज्यादा सफर तय करना पड़ रहा था और यात्रियों की भी जेब ढीली हो रही थी। यात्रियों को पहले की अपेक्षा 172 रुपये ज्यादा किराया देना पड़ रहा था जो अब वापस हो गया है।
जींद से हल्द्वानी के लिए बस सुबह आठ बजकर 40 मिनट पर चलती है। वहीं भूस्खलन के कारण जींद से कटरा जाने वाली बस को जालधंर तक ही भेजा जा रहा था। अब बस जम्मू तक जानी शुरू हो गई है। हालांकि जम्मू से कटरा तक की दूरी लगभग 40 से 50 किलोमीटर है।
ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही जींद से कटरा के लिए भी जल्द ही पहले की तरह सुचारू रूप से बस चलेगी। जींद से कटरा के लिए बस सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर बस चलती है जो नरवाना, संगरूर व लुधियाना होते हुए करीब 13 घंटे में शाम सात बजे कटरा पहुंचती है।
जींद से कटरा की दूरी लगभग 575 किलोमीटर है। रोडवेज बस से कटरा जाने के लिए 750 रुपये किराया लगता है। यह बस कटरा में रात्रि ठहराव कर अगले दिन सुबह पांच बजे वाया पानीपत होकर दिल्ली के लिए वापसी करती है जो अभी फिलहाल जम्मू तक जा रही है।
वर्जन
बिजनौर में जलभराव के चलते हल्द्वानी जाने वाली बस को वाया हरिद्वार चलाया जा रहा था। अब स्थिति सामान्य है तो बस को अपने निर्धारित रूट से भेजा जा रहा है। ऐसे में जींद से वाया हरिद्वार जाने पर जो किराया बढ़ाया गया था, वह अब वापस हो गया है। -जसमेर खटकड़, डीआई जींद बस स्टैंड।