संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। राष्ट्रीय ओपन शूटिंग चैंपियनशिप में हरीश ने 50 मीटर फ्री पिस्टल कैटेगरी में कांस्य पदक जीता। यह स्पर्धा 12 से 23 नवंबर तक भोपाल में आयोजित हुई। मंगलवार को जींद के आर्या शूटिंग क्लब पहुंचने पर निशानेबाज हरीश का स्वागत किया गया। 20 वर्षीय हरीश मूल रुप से भिवानी जिले के तालु गांव के रहने वाले हैं। यह चैंपियनशिप शूटिंग फेडरेशन एनआरआई की ओर से आयोजित करवाई गई थी।
पिता संजीव कुमार ने बताया कि हरीश ने कम उम्र में ही शूटिंग में मेडल जीतने का सपना देखा था। 2024 से उसने 50 मीटर फ्री पिस्टल में विधिवत अभ्यास शुरू किया।
आर्या शूटिंग क्लब के संचालक संजू वर्मा ने बताया कि हरीश ने कांस्य पदक जीत कर क्लब का नाम रोशन किया है। कोच सुशील कुमार ने बताया कि हरीश का अगला लक्ष्य दिसंबर में शुरू होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतना है।
यह प्रतियोगिता 11 दिसंबर से 4 जनवरी तक दिल्ली में डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित की जाएगी। इसके बाद हरीश 50 मीटर फ्री पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल दोनों वर्गों में इंडिया टीम के लिए ट्रायल देगा। हरीश को प्रैक्टिस के लिए चंडीगढ़ पुलिस रेंज और दिल्ली की करणी सिंह रेंज में जाना पड़ता था लेकिन सीमित संसाधनों के बावजूद उनका जोश कम नहीं हुआ।