31जेएनडी03-पुलिस गिरफ्त में ऑटो चालक से लूटपाट करने के आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। ऑटो चालक को बंधक बनाकर लूटने के मामले में उचाना थाना पुलिस ने मोर पत्ती नरवाना निवासी साहिल और कैथल जिला के गांव धनौरी निवासी अंकित उर्फ गोली को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही ऑटो, नकदी और फोन भी बरामद कर लिया है।
नरवाना निवासी सत्यवान ने पुलिस एफआईआर में बताया था कि वह ऑटो चलाता है। 30 अगस्त देर रात रेलवे स्टेशन नरवाना पर यात्रियों का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान दो युवक आए और उन्होंने जींद जाने के लिए उसका ऑटो 600 रुपये में बुक कर लिया।
इसके बाद वह जींद के लिए रवाना हो गए। जब वह घसो कलां के पास पहुंचे तो उन्होंने ऑटो रुकवा लिया। इसके बाद वह उसे सड़क से दो एकड़ अंदर ले गए। वहां पर उसके साथ मारपीट कर कपड़े से उसके हाथ-पांव बांध दिए। फिर वह उसकी जेब से 1200 रुपये और फोन लेकर ऑटो में सवार होकर भाग गए।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात दो युवकों के खिलाफ लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। थाना उचाना प्रभारी बलवान ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए दोनो आरोपियों को काबू कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर अन्य जानकारी हासिल की जाएगी।