उचाना। कांग्रेस सांसद जयप्रकाश शुक्रवार को हलके के कुचराना खुर्द व करसिंधु गांव में कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। यहां पर उन्होंने पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का हश्र बुरा होगा।
कांग्रेस विधायकों द्वारा सीएम की तारीफ करने पर भी सांसद ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी अगर एमएसपी को कानून को दर्जा दें तो वह भी तारीफ करेंगे, लेकिन अगर कानून का दर्जा नहीं देते तो भाजपाईयों को उनके साथ लगकर विरोध करना चाहिए।
अभय सिंह चौटाला द्वारा एक दिन का सीएम बनाए जाने के बयान पर सांसद ने कहा कि जब छह साल के लिए लोगों ने बनाए थे, तब ही गुंडागर्दी खत्म नहीं कर सके। किस तरीके से जेलों के अंदर से सिस्टम चलता था यह सब जानते है।
छह साल में इनके परिवार के अपराध काबू नहीं आए, अब एक दिन के लिए कौन इन पर विश्वास करेगा। भाजपा अध्यक्ष द्वारा कई कांग्रेस विधायक उनके संपर्क में आने की पोस्ट पर सांसद ने कहा कि भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष बहुत परेशान है।
भाजपा जो जनता के सामने झूठे वायदे करके सत्ता में आई थी वो पूरे नहीं कर पाई। अब जनता के बीच यह जा नहीं सकते। कांग्रेस पार्टी का कोई भी विधायक इनके साथ जाने का प्रश्र ही नहीं उठता।
सीएम की कई कांग्रेस विधायक द्वारा प्रशंसा करने के सवाल पर जयप्रकाश ने कहा कि भाजपा वाले बात को बढ़ाने में माहिर हैं। सांसद ने कहा कि नायब सिंह सैनी के राज में अपराध बढ़ रहे हैं। जींद, यमुनानगर या कुरुक्षेत्र की बात करें तो आए दिन गोली मारकर हत्या की जा रही है।
शराब के ठेकों की नीलामी को लेकर हत्याएं हो रही हैं। आज बेरोजगारी और महंगाई चरम सीमा पर है। स्कूलों में अध्यापक नहीं, अस्पताल में चिकित्सक नहीं, नहरों में पानी नहीं, तार है तो बिजली नहीं, जलघर बिना पानी के खाली हैं, सड़कें टूटी हैं। इस अवसर पर वीरेंद्र प्रधान, लाभ काब्रच्छा, कृष्ण मोर, दीपक पालवां, राजेंद्र श्योकंद मौजूद रहे।