जुलाना। करेला और मालवी गांव में इनेलो नेत्री सुनैना चौटाला ने कहा कि भाजपा किसानों पर गोलियां चलवा रही है। अब सरकार से बदला लेने का समय आ गया है। इसके लिए न तो कोई हथियार उठाना और न ही विरोध जताया। सिर्फ भाजपा के खिलाफ बटन दबाने से ही बदला लिया जा सकेगा। भाजपा की नीतियों के चलते हर वर्ग सड़क पर उतरकर संघर्ष करने के लिए मजबूर है। सरकार किसान हितैषी होने का दिखावा करती है, लेकिन असलियत कुछ और ही है।
उन्होंने कहा कि किसान की खराब हुई फसलों का मुआवजा देने के बजाय उन्हें पोर्टल सिस्टम में उलझाया जा रहा है। आने वाले चुनावों में प्रदेश की जनता भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेगी। प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी। भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण खाद, बीज, कीड़ेमार दवाइयां, डीजल, कृषि उपकरण और खेत मजदूरी महंगी हो जाने से खेती करना पूरी तरह से घाटे का सौदा बन गया है। प्रदेश के ज्यादातर किसान कर्ज में डूबे हुए हैं। प्रदेश के किसानों की आमदनी के मुकाबले उनका खर्च कहीं अधिक है। किसानों की आय घाटे में चल रही है। किसानों के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। सुनैना चौटाला ने प्रदेश की भाजपा सरकार से किसानों की भारी ओलावृष्टि के कारण बर्बाद हुई फसलों की तुरंत स्पेशल गिरदावरी कराने की मांग करते हुए कहा कि उनकी खराब हुई फसल का 50 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाए, ताकि किसान अपनी आगे आने वाली फसल की तैयारी कर सकें। इस अवसर पर हलका अध्यक्ष सतीश नैन, अशोक, प्रियवर्त, रमेश, खरेंटी गांव की सरपंच शिक्षा नैन मौजूद रहे।