उचाना। कांग्रेस पार्टी के संगठन के आदेशानुसार घर-घर कांग्रेस हर घर कांग्रेस अभियान की शुरुआत की थी। जिन-जिन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई थी उनकी जानकारी लेने के लिए हिसार लोकसभा प्रभारी कांतीलाल बावरिया विश्राम गृह पहुंचे।
बावरिया ने कहा कि संगठन को मजबूती देने के लिए प्रयासरत हैं। घर-घर कांग्रेस हर घर कांग्रेस अभियान को जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है। जनता बदलाव का मन बना चुकी है। भाजपा की नीतियों का पर्दाफाश हो चुका है। जनता को आज पता चल गया की सरकार की नीतियां जनताहित में नहीं हैं। कांग्रेस की मजबूती से घबराई भाजपा ने अपनी सरकार को बदलना पड़ा। भाजपा-जजपा का अलग होना भी एक समझौता है। वोटों का बंटवारा करके लोगों को बहकाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह भाजपा की नीतियों से त्रस्त थे, इसलिए भाजपा को अलविदा कहकर कांग्रेस में आए। बृजेंद्र सिंह समझ चुके थे की भाजपा के पास कुछ नहीं रहा। भाजपा से जनता, नेता हर वर्ग दुखी है, इसलिए भाजपा को अलविदा कहकर कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। नए सीएम चुने जाने के सवाल पर बावरिया ने कहा कि मनोहर लाल नाविक के जरिए भाजपा की नाव पार नहीं हो सकती थी, इसलिए नाविक बदलने का फैसला भाजपा ने लिया। लेकिन नाविक बदलने से कुछ हासिल नहीं होगा। कुछ भी कर ले भाजपा से सभी दुखी है। आने वाली सरकार कांग्रेस पार्टी की होगी। पैनल बन चुका है हरियाणा की सीटों को वक्त आने पर साफ कर देंगे। कांग्रेस पार्टी में एसआरके, हुड्डा गुट के सवाल पर कहा कि कांग्रेस पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं सब साथ मिलकर पार्टी को मजबूती देने का काम कर रहे है। इस अवसर पूर्व विधायक सूबे सिंह पुनिया, वीरेंद्र घोघड़िया, मनोज नचार, लाजवंती डाहोला, सत्यवान मौजूद थे।