गांव करेला में शनिवार सुबह दो गुटों आमने-सामने हो गए। इस दौरान दोनों गुटों में ईंट, लाठियां व तेजधार हथियार चले। इसमें दोनों गुटों से तीन लोग घायल हो गए।
घायलों को जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल एक युवक को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है। ग्रामीणों के अनुसार पहले भी इस तरह की कहासुनी हो चुकी है। जहां एक तरफ गंभीर रूप से घायल हुए जगबीर बिना किसी कारण के ही उस पर जानलेवा हमला करने की बात कह रहा है तो वहीं दूसरे पक्ष के लोग उनके भाई की पत्नी से छेड़खानी करने के आरोप लगा रहे हैं।
दोनों की पक्षों ने जुलाना थाना पुलिस को शिकायत दी है। घायल जगबीर के भाई शमशेर का कहना है कि जिन्होंने उनके भाई पर हमला किया है वे लोग गाली गलौच करते हैं। इस बारे में पहले भी थाना में शिकायत की जा चुकी है। शनिवार को उसके भाई जगबीर पर गांव के विक्रम के परिवार ने रंजिश के चलते हमला कर दिया। वहीं घायल जगबीर का कहना है कि वह सुबह अपनी भैंस को बांधने के बाद घर के अंदर घुसा ही था कि पास के लोगों ने उसे बाहर किसी काम के लिए बुलाया और उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
वहीं दूसरे पक्ष के विक्रम का कहना है कि पड़ोस का जगबीर उनके भाई की पत्नी के साथ छेड़खानी करता था और जब उसको समझाने के लिए गए तो उन्होंने उस पर हमला कर दिया है इससे वह घायल हो गया। इस बारे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक भंवर सिंह ने बताया कि आज सुबह उनके पास झगड़े का एक केस आया था। जिसमें एक गंभीर रूप से घायल हो गया था जिस पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है।