जींद। सीईटी परीक्षा के पहले दिन शनिवार को सुबह की शिफ्ट में शहर के मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक को लेकर परेशानी हुई। सुबह साढ़े 9 बजे तक भी जब 150 से अधिक अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक नहीं हुई तो आनन-फानन में अभ्यर्थियों के रोल नंबर नोट कर के उन्हें परीक्षा में बैठा दिया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी जब अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक नहीं हुई तो उन्होंने रोष जाहिर किया। कर्मचारियों ने उन्हें परीक्षा की दूसरी शिफ्ट के टाइम का हवाला देते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया।
वहीं दोनों शिफ्टों में मिले 10 अभ्यर्थियों के जुड़वां होने के कारण संदेह होने पर जांच के लिए अभ्यर्थियों को सिविल लाइन थाना में बुलाया गया। वहीं एक मामले ऐसा था जिसमें अभ्यर्थी ने सीईटी के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के समय दो बार आवेदन कर दिया था, जिसकी वजह से उसका दो जगह सेंटर आ गया था। बाद में उसकी जांच करते हुए जींद में ही परीक्षा दिलवाई गई। वहीं परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज सेवा सुचारु रूप से चलती रही। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के पहले दिन लगभग 300 बसें चलीं। इसमें जींद से कैथल के लिए 150, करनाल के लिए 300, पानीपत के लिए 100 बसें शामिल रहीं। वहीं अन्य बस रोहतक व भिवानी के लिए भेजी गईं।
जींद के अभ्यर्थियों के कैथल, करनाल और पानीपत में सेंटर आए हुए थे। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए रोडवेज ने व्यापक व्यवस्था कर रखी थी। सुबह तीन बजे से पहले ही अभ्यर्थी बस स्टैंड परिसर में पहुंचना शुरू हो गए थे। जैसे-जैसे अभ्यर्थियों की भीड़ बस स्टैंड पर बढ़ती गई तो रोडवेज अधिकारियों ने अल सुबह तीन बजे करनाल के लिए पहली बस भेजी। रोडवेज जींद डिपो महाप्रबंधक, स्टेनो डीडी शर्मा, डीआई जसमेर खटकड़, एसएस नरोत्तम शर्मा, ट्रैफिक ब्रांच से अनूप लाठर, संदीप रंगा, अमरजीत सैनी, कूका और राजेश चोपड़ा ने व्यवस्था को संभाला। तीन बजे के बाद दूसरी बस सवा तीन बजे करनाल, फिर तीन बजकर 25 मिनट पर करनाल, साढ़े तीन बजे पानीपत, तीन बजकर 35 मिनट पर करनाल, तीन बजकर 40 मिनट पर करनाल, पौने चार बजे करनाल, तीन बजकर 50 मिनट पर करनाल, तीन बजकर 55 मिनट पर करनाल, चार बजे करनाल और फिर कैथल के लिए बस भेजी गई। सुबह तीन बजे से लेकर छह बजे तक लगभग 100 बस करनाल, पानीपत और कैथल के लिए भेजी गई।
बॉक्स
रोहतक के लिए तीन अभ्यर्थियों के लिए भेजी स्पेशल बस
सुबह सात बजे के लगभग कुछ अभ्यर्थी बस स्टैंड परिसर में पहुंचे, जिनका सेंटर रोहतक और भिवानी थी। पहले भिवानी के लिए अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल बसें भेजीं, जिसमें केवल 10 से 15 अभ्यर्थी थे। वहीं रोहतक के लिए तीन अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल बसें भेजी गईं। इसके बाद लगभग साढ़े आठ बजे एक स्पेशल सरकारी विभाग की गाड़ी से अभ्यर्थियों को परीक्षा हिसार परीक्षा केंद्र तक ले जाया गया। वहीं सुबह साढ़े पांच बजे हिसार और फतेहाबाद के अभ्यर्थी जिनका सेंटर जींद में था, उन्हें शटल बस सेवा के माध्यम से शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक ले जाया गया।
बॉक्स
11715 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
26 जुलाई शनिवार सुबह के सत्र में 12498 परीक्षार्थियों ने परीक्षा देनी थी। कुल 11715 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 783 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोपहर बाद के सत्र में 12498 परीक्षार्थियों ने परीक्षा देनी थी। इसमें 11695 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस सत्र में 803 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। दोनों सत्रों में 1586 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कुल 24996 परीक्षार्थियों में से 23410 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
बॉक्स
शहर में रही जाम की स्थिति
पहली शिफ्ट के बाद जैसे ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से बाहर निकले तो वह जल्दी से बस स्टैंड परिसर की ओर जाते हुए नजर आए। वहीं कुछ अभ्यर्थी अपने निजी वाहनों से परीक्षा देने आए हुए थे। ऐसे में गोहाना रोड पर जाम की स्थिति कुछ देर तक रही। गोहाना रोड पर वाहनों की लाइन लग गई।
बॉक्स
मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में बायोमेट्रिक को लेकर आई दिक्कत
मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में कुछ अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक को लेकर परेशानी आई थी। इसके बारे में हरियाणा कर्मचारी आयोग को अवगत करवाया गया है। जो निर्देश मिलेंगे उसके हिसाब से अभ्यर्थियों की समस्या का समाधान किया जाएगा। वहीं 10 जुड़वा अभ्यर्थियों के भी सामने आए थे। इसमें से चार सुबह की शिफ्ट में था तो छह दूसरा शाम की शिफ्ट में था। सुबह वाले मामले की जांच हो गई थी और शाम वाले मामले की जांच की जा रही है।
-विवेक आर्य, एडीसी जींद