जींद से बाइक पर सवार होकर रामराय जा रहे मोहलखेड़ा निवासी 19 वर्षीय हरजीवन की हांसी रोड पर कार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामराय गांव निवासी संदीप ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके मामा का बेटा हरजीवन उनके गांव में बिजली का काम सीख रहा था। 25 अप्रैल को वह और उसके चाचा का बेटा संदीप बाइक पर सवार होकर सफाखेड़ी गांव में उसकी बहन से मिलकर लौट रहे थे। जब वे जींद शहर से हांसी रोड पर पहुंचे तो सामने से एक तेज रफ्तार कार आई और उसकी मोटरसाइकिल में सीधे टक्कर मार दी। जिससे दोनोेें सड़क पर गिर गए। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक फरार हो गया। दोनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। हरजीवन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी एचसी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।