जींद। सुरबरा गांव में नहरी पानी की बोली की रंजिश में एक परिवार ने सरपंच और ग्राम सचिव पर हमला कर दिया। उचाना थाना पुलिस ने महिला समेत चार लोगों को नामजद कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम सचिव कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव सुरबरा, बडऩपुर, झील और कहसुन गांव उनके अधीन आते हैं। 14 मई को वह इस कार्य को लेकर गांव सुरबरा पहुंचे। वहां कुछ दिन पहले नहरी पानी की बोली हुई थी। पानी छुड़वाने के लिए वह और सरपंच, पूर्व सरपंच कृष्ण और रविंद्र भी आए हुए थे। जब पानी का समय हुआ तो गांव के ही सुरेश उर्फ मोटू, उसकी मां मायापति, उनके परिवार में भानी का बेटा और मीठा के बेटे ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद वह गाली-गलौज करने लगे। फिर कस्सी के बिंडे से सरपंच और उस पर हमला कर दिया। जब वह वीडियो बनाने लगे तो उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
जांच अधिकारी एएसआई विनय सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं एक आरोपी सुरेश उर्फ मोटू को गिरफ्तार कर लिया है।