अतिक्रमण हटाने का विरोध कर रही महिला को हटाती महिला पुलिस कर्मी।
- फोटो : bureau
अदालत के आदेश पर चल रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर परिषद ने हनुमान कालोनी और आशरी गेट से अवैध कब्जे हटवाए। इस दौरान लोगों का हल्का विरोध भी अतिक्रमण हटाओ टीम को झेलना पड़ा। इसके बाद मौके पर पुलिस बुलाकर अतिक्रमण हटाया गया। गौरतलब है कि शहर की एक संस्था ने शहर के अतिक्रमण का मामला अदालत में उठाया था। इस पर हाईकोर्ट ने एक साल पहले बाजारों और पूरे शहर से अतिक्रमण हटाने के आदेश जिला प्रशासन को दिए थे। तभी से कार्रवाई चल रही है। हालांकि शुरुआत में बाजार के व्यापारियों ने काफी विरोध किया, लेकिन अब अधिकतर लोग स्वयं ही कब्जे हटा रहे हैं। इसके तहत ही खातियों वाली गली में अतिक्रमण हटाया गया। यहां एक मकान के बाहर बनी सीढ़ियों को हटाया जाना था, लेकिन लोग इसका विरोध कर रहे थे। नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता, जेई पंकज कुमार, पटवारी सुरेश कुमार, एसआई अशोक सैनी सहित तमाम अमला सुबह ही हनुमान गली पहुंच गया, लेकिन लोगों के विरोध के चलते अमला कार्रवाई नहीं कर सका। इसके बाद मौके पर महिला पुलिस बुलाई गई। स्वयं शहर थाना प्रभारी नरसिंह की मौजूदगी में प्रशासन ने सीढ़ियों को तोड़ कर यहां गंदे पानी की निकासी के लिए नाली बना कर अतिक्रमण हटवाया।
सीएम विंडो की शिकायत पर भी कार्रवाई
हनुमान गली में ही एक व्यक्ति द्वारा सीएम विंडों में की गई अतिक्रमण की शिकायत पर भी कार्रवाई की। यहां भी पुलिस की मौजूदगी में एक प्लाट में पड़े सामान को हटवाया गया।
नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को हनुमान गली में कार्रवाई की गई है। यहां कुछ विरोध था, पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटवा दिया है। कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।
- बीएन भारती, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद जींद।