जींद। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि लोकसभा चुनाव में वोटों की गिनती के लिए नियुक्त काउंटिंग टीमों को 4 जून को ही सुबह 5 बजे रेंडमाइजेशन के बाद पता चलेगा कि उनको कौन सी टेबल पर बैठना है। काउंटिंग के लिए नियुक्त सभी टीमों को जरूरी प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा सोमवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित सभागार में काउंटिंग टीमों के द्वितीय रेंडमाइजेशन के दौरान मतगणना कर्मियों को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान मतगणना कार्य के लिए नियुक्त जुलाना, सफीदों व जींद विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग ऑब्जर्वर बीएस प्रकाश एससीएस, उचाना विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग ऑब्जर्वर एन. विजय कुमार एससीएस और नरवाना विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग ऑब्जर्वर सी विजय बाबू एससीएस मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि लोकसभा के मतों की गणना के लिए जुलाना विधानसभा क्षेत्र मे 15 टेबल, जींद व सफीदों विधान सभा क्षेत्र में 14-14 टेबल और उचाना व नरवाना विधान सभा क्षेत्र मे 16-16 टेबल लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि दूसरी रेंडमाइजेशन में 18-18 काउंटिंग पार्टियों को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार भेजा गया है। प्रत्येक पार्टी मे तीन सदस्य होंगे। चार जून मंगलवार को सुबह पांच बजे तीसरा एवं अंतिम रेंडमाइजेशन के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कौन सी काउंटिंग पार्टी किस टेबल पर जाएगी।
उन्होंने बताया कि काउंटिंग के सभी सदस्यों को पहचान पत्र जारी किए गए हैं। काउंटिंग टीमों में काउंटिंग सुपरवाईजर, काउंटिंग असिस्टेंट और माइक्रो ऑब्जर्वर भी शामिल हैं। काउंटिंग हाल में जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाई गई है।
लोकसभा चुनाव के लिए जिले से कुल 10,16,282 मतदाताओं में से 6,69,248 लोगों ने मतदान किया था। विधानसभा क्षेत्र के अनुसार मतों की होने वाली गणना की बात करें तो जुलाना विधानसभा के 1,25,432, सफीदों विधानसभा के 1,29,598, जींद विधानसभा के 1,26,494, उचाना कलां विधानसभा के 1,41,939 तथा नरवाना विधानसभा के 1,45,785 मतों की गणना होगी।