जींद। स्वास्थ्य निदेशालय ने पोकरी खेड़ी गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए राज्य सरकार ने तीन पदों को स्वीकृत भी कर दिया है। इनमें दो पद एमपीएचडब्ल्यू और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद शामिल हैं। पोकरी खेड़ी गांव की पंचायत ने उपस्वास्थ्य केंद्र भवन बनाने के लिए जमीन स्वास्थ्य विभाग के नाम करवा दी थी। अब सरकार ने इसे स्वीकृति प्रदान कर दी है।
जिले में 173 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। पंचायत द्वारा जमीन ट्रांसफर करवाने के बाद बाद पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने ड्राइंग बनाकर स्वास्थ्य निदेशालय को भेज दी। अब उपस्वास्थ्य केंद्र खुलने की अनुमति मिलने के बाद भवन बनाने के लिए स्वास्थ्य निदेशालय बजट जारी करेगा। इस बारे में ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन नहीं बन जाता, तब तक ग्रामीण स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को बैठने के लिए जगह मुहैया करवा देंगे। पोकरी खेड़ी में उप स्वास्थ्य केंद्र खुलने से ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के दो-तीन गांवों के लोगों का फायदा होगा। ग्रामीणों को बुखार, खांसी समेत कई बीमारियों की दवा उनके घर द्वार पर ही मिल जाएगा। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को केंद्र का लाभ होगा। उन्हें समय-समय पर उचित स्वास्थ्य सलाह के साथ-साथ देखभाल भी मिलेगी।
जिले में पहले 173 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। पोकरी खेड़ी गांव में 174वां उप स्वास्थ्य केंद्र खुला जाएगा। जब तक भवन की व्यवस्था नहीं हो जाती, कर्मचारियों को बैठने के लिए ग्रामीण जगह देंगे। जल्द ही पोकरी खेड़ी गांव में कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।
- डॉ. मनजीत सिंह, सिविल सर्जन।