संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। हरियाणा कौशल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने आईटीआई में दाखिला को लेकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किया है। विभाग के शेड्यूल के अनुसार छह से 20 जून तक विद्यार्थी आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
हालांकि विभाग ने अभी केवल आवेदन की तिथि जारी की है। मेरिट लिस्ट, सीट अलॉटमेंट सहित अन्य शेड्यूल 6 जून को पोर्टल पर जारी किया जाएगा। ऐसे में आईटीआई में प्रवेश के लिए छह जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। कैथल रोड स्थित राजकीय आईटीआई के प्राचार्य नरेश कुमार ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के इच्छुक विद्यार्थियों के पास अपना आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, परिवार पहचान पत्र का होना जरूरी है।
राजकीय आईटीआई में 872 और महिला विंग में 272 सीटें हैं। विद्यार्थियों की सबसे पहली पसंद जींद की कैथल रोड स्थित राजकीय आईटीआई रहती है। यहां आवेदन के समय कई ट्रेड में 100 से ऊपर मेरिट लिस्ट रहती है। वहीं राजकीय आईटीआई में निर्धारित सीटों पर तीन से चार गुना आवेदन भी आते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए आईटीआई में दाखिले को लेकर प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।