संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। कंडेला गांव में मंगलवार अलसुबह बारिश के दौरान एक मकान पर बिजली गिर गई। इससे घरेलू सामान जलकर बर्बाद हो गया। इसके अलावा आसपास के कई मकानों में दरारें आ गईं। साथ ही बिजली के उपकरण भी जल गए। इस घटना में परिजन बाल-बाल बच गए।
कंडेला गांव निवासी रणबीर के मकान पर मंगलवार अलसुबह बारिश के दौरान बिजली गिर गई। इससे पूर्व ही रणबीर और उसके परिवार के लोग कमरे को छोड़कर बरामदे में चले गए थे। कुछ ही देर बाद एकाएक जोरदार धमाका हुआ। घर में रखे बिजली उपकरणों से धुआं उठने लगा। रणबीर के परिवार ने जब कमरे में जाकर देखा तो बिजली उपकरण तथा अन्य घरेलू सामान में आग लगी हुई थी। परिजनों ने तुरंत ही आग को बुझाया। बाद में पता चला कि उसके मकान के आसपास के घरों में बिजली गिरने से बिजली उपकरण भी जल गए। रणबीर ने बताया कि घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे घटी। उस समय बूंदाबांदी हो रही थी। वह परिवार समेत बरामदे में चला गया था, जिससे उसका परिवार बाल-बाल बच गया। गनीमत यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।