संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की जिला कार्यकारिणी की बैठक अर्बन इस्टेट स्थित पार्टी कार्यालय में जिला प्रधान बिजेंद्र रेढू की अध्यक्षता में हुई। प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी ओमप्रकाश चौटाला की प्रथम पुण्यतिथि 20 दिसंबर को तेजा खेड़ा फार्म हाउस पर आयोजित की जा रही है।
रामपाल माजरा ने जींद जिले से अधिक से अधिक संख्या में लोगों से तेजा खेड़ा पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को श्रद्धा सुमन अर्पित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने सभी कार्यकर्ताओं व आमजन को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
रामपाल माजरा ने कहा कि चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को एक लोह पुरुष, विकास पुरुष, कुशल प्रशासक, किसान और गरीबों की आवाज उठाने वाले नेता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को हमेशा मान-सम्मान दिया और हरियाणा के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके द्वारा शुरू की गई अनेक योजनाएं आज न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश में अपनाई जा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ताऊ देवीलाल की नीतियों को आगे बढ़ाते हुए चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने बुढ़ापा पेंशन बढ़ाने, जच्चा-बच्चा पेंशन योजना में सहायता राशि बढ़ाने जैसे कई जनहितकारी फैसले लिए। यह पुण्यतिथि कार्यक्रम एक सामाजिक आयोजन है।
इसमें सभी लोग दलगत राजनीति और जाति भेदभाव से ऊपर उठकर चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस अवसर पर जिला प्रभारी रामफल कुंडू, सुमित्रा देवी, वेद सिंह मुंडे, पप्पू रेढू, दलेल कुंडू, सतीश नैन, बिल्लू पेगा, कृष्ण लाठर, प्रदीप गिल मौजूद रहे।