19जेएनडी16: नागरिक अस्पताल जींद। संवाद
जींद। जिले के नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। इसको लेकर सीएमओ व पीएमओ ने बैठक कर काम शुरू कर दिया है। इसका सीधा लाभ जिले के मरीजों को मिलेगा।
यदि अस्पताल में किसी दवा की कमी होगी तो मरीजों को बाहर से महंगे दामों पर दवा नहीं खरीदनी पड़ेगी। यह दवा अस्पताल के अंदर अमृत फार्मेसी से ही उपलब्ध करवाई जाएगी। इसमें कैंसर, हृदय रोगों और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती दरों पर उपलब्ध होंगी।
अमृत फार्मेसी के जरिए मरीजों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। अभी तक कई मरीजों को अस्पताल में दवाएं उपलब्ध न होने पर बाहर निजी मेडिकल स्टोर से महंगे दामों पर दवा खरीदनी पड़ती हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
योजना के तहत जिला अस्पताल परिसर में ही अमृत फार्मेसी स्टोर स्थापित किया जाएगा। यह वीटा बूथ/पार्लर के साथ इसे विकसित करने और उचित लेआउट प्लान तैयार करने की योजना है। निर्माण और संचालन के मॉडल को लेकर भी विभाग स्तर पर चर्चा चल रही है, ताकि व्यवस्था लंबे समय तक सुचारु रूप से चल सके।
मध्यम वर्ग के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी
प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि को बेहतर बनाने के प्रयास भी किए जाएंगे। अगर यह योजना जमीन पर सही तरीके से लागू होती है तो गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अस्पताल परिसर में ही सस्ती दवाएं मिलने से न केवल समय की बचत होगी बल्कि इलाज का खर्च भी कम होगा।
वर्जन
अस्पताल में अमृत फार्मेसी शुरू करवाई जाएगी। इसके लिए मुख्यालय से निर्देश मिले हैं। जल्द ही इस योजना को अस्पताल में लागू करवाया जाएगा। मरीजों को अस्पताल में किसी दवा की कमी होने पर बाहर के स्टोर से महंगे रेट पर नहीं खरीदनी पड़ेगी।
-डॉ. रघुवीर पूनिया, पीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।