गांव अमरहेड़ी से अपहृत नाबालिग लड़की की बरामदगी और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को मैढ़ सुनार सभा और सामाजिक संगठनों ने शहर में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने लघु सचिवालय पहुंचकर एसपी अनिल कुमार धवन से पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली। एसपी ने संगठन के लोगों से दो दिन का समय मांगा। संगठनों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर पांच सितंबर की शाम तक लड़की को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार नहीं किया गया तो छह सितंबर से लघु सचिवालय के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
प्रदर्शन में महिलाओं ने भी भाग लिया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। मैढ़ सुनार सभा के आह्वान पर बृहस्पतिवार सुबह जिलेभर के लोग नेहरू पार्क में एकत्रित हुए। एकत्रित लोगों ने नाबालिग लड़की का अपहरण करने और उसकी मां सुमन की गाड़ी से टक्कर मारकर हत्या करने के आरोपी अनिल को एक सप्ताह बाद भी गिरफ्तार नहीं करने पर रोष जताया। मैढ़ सुनार सभा के प्रधान फूल सिंह ने लोगों से कहा कि 29 अगस्त की सुबह नाबालिग लड़की का गाड़ी सवार अनिल ने अपहरण कर लिया था।
मां ने विरोध किया तो उसकी टक्कर मारकर हत्या कर दी गई। करीब एक सप्ताह बीतने के बावजूद भी पुलिस लड़की का सुराग नहीं लगा पाई और न ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इससे समाज के लोगों में भारी रोष है। पुलिस हर बार जांच करने का आश्वासन देती है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई एक कदम आगे नहीं चल पाई है। उन्होंने कहा कि पांच सितंबर की शाम तक लड़की को बरामद करके आरोपी युवक अनिल को गिरफ्तार नहीं किया गया तो छह सितंबर की सुबह से लघु सचिवालय में डीसी कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दिया जाएगा। अगर उसके बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई तो इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।
पुलिस के बयान की निंदा
शहर में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अपने हाथों में देखो, सोचो फिर बोलो के नारे लिए हुए बैनरों के माध्यम से पुलिस द्वारा पहले दिन प्रेम प्रसंग का मामला बताने की निंदा की। लोगों ने कहा कि जहां एक परिवार ने एक महिला को खो दिया और दूसरी तरफ लड़की का अपहरण हो गया, वहीं पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर परिजनों की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने चेताया कि पुलिस को हमेशा देखकर और सोचकर ही कुछ बोलना चाहिए। हालांकि उन्होंने कहा कि पुलिस बाद में इस पर खेद जता दिया था, लेकिन इससे परिजनों की भावनाएं तो आहत हुई हैं उसकी भरपाई होना मुश्किल है।
खाप और सामाजिक संगठनों से मांगा सहयोग
नेहरू पार्क में मैढ़ सभा के महासचिव राममेहर तोशावड, वरिष्ठ उपप्रधान सत्यनारायण सोनी, वित्त सचिव नरेश सोनी, सुरेश कुमार, राजेंद्र सोनी, उपप्रधान रमेश वर्मा ने प्रदेश की खाप पंचायतों, सामाजिक, धार्मिक, कर्मचारी, किसान, व्यापारी, महिला व छात्र संगठनों सहित समाज के जागरूक और बुद्धिजीवी वर्ग से इस सामाजिक लड़ाई में सहयोग की अपील की। अगर सभी लोग मिलकर इस लड़ाई को लड़े तो नाबालिग लड़की तथा उसकी मां के हत्यारों को सजा दिलाने में सहयोग करे तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं नहीं होगी।
तीन से बढ़ाकर पांच टीमों का किया गठन
प्रदर्शन करके पहुंचे लोगों को एसपी अनिल कुमार धवन ने आश्वासन दिया कि जल्द ही लड़की को बरामद करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पहले तीन टीमों का गठन किया गया था, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़ाकर पांच कर दी है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है। एक दिन तो पुलिस को सुराग लग गया था, लेकिन युवक के ठिकाने तक पहुंचने में कुछ समय लग गया, इस दौरान आरोपी युवक वहां से निकल चुका था। इस दौरान पुलिस ने जांच को प्रभावित होने का हवाला देकर परिजनों को ज्यादा बताने से मना करते हुए कहा कि जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार करके लड़की को बरामद कर लिया जाएगा।