जींद। खरकरामजी में शराब ठेकेदार की हत्या करने वाले तीनों शूटर इनामी बदमाश हैं। इन तीनों बदमाश मालवी निवासी रामपाल उर्फ बाबा, रामराय निवासी जतिन उर्फ डेविड और पटियाला चौक निवासी रोहित उर्फ राणा पर पुलिस ने हत्या के 20 दिन बाद इनाम रखा है। हत्याकांड की वायरल हुई सीसीटीवी फुटेज में यह तीनों बदमाश ही दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने तीनों बदमाशों की उसी समय पहचान कर ली थी लेकिन घटना के 20 दिन बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों के फोटो सार्वजनिक कर उन पर 25-25 हजार इनाम रखा है। यदि पुलिस पहचान होते ही बदमाशों के फोटो सार्वजनिक कर देती तो अब तक वह पुलिस की गिरफ्त में होते। फिलहाल रिमांड पर चल रहे बुढ़ा खेड़ा निवासी तकदीर और वार्ड-11 जुलाना निवासी अजय ने भी पूछताछ में कई खुलासे किए हैं जिनका पुलिस जल्द ही खुलासा करेगी।
20 जून शाम को 27 वर्षीय वीरेंद्र उर्फ बिंद्र अपने गांव खरकरामजी के शराब ठेके पर बैठा था। इस दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। उन्होंने आते ही वीरेंद्र उर्फ बिंद्र पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थी। उसको तुरंत नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों को नामजद करते हुए तीन-चार अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। हालांकि इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें दो को जेल भेज दिया था। फिलहाल बुढ़ा खेड़ा निवासी तकदीर और वार्ड-11 जुलाना निवासी अजय दस दिन के रिमांड पर चल रहे हैं। उन्होंने भी पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारी दी है।
रिमांड पर चल रहे आरोपियों से पूछताछ में जानकारी हासिल की जा रही है। अन्य गिरफ्तारी भी की जाएगी। जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा किया जाएगा।
-कुलदीप सिंह, एसपी, जींद