जींद। लघु सचिवालय के सभागार में शुक्रवार को डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक की गई। इस दौरान डिप्टी स्पीकर ने विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की।कहा कि सभी विभाग तालमेल से काम करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं या जिन पर कार्य किया जाना है उनसे संबंधित सभी औपचारिकताएं और तैयारियां पूरी की जाएं। ताकि निकट भविष्य में विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान परियोजनाओं के बारे में लोगों को बताया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समन्वय और गंभीरता के साथ करें।
बैठक में मेडिकल कॉलेज से संबंधित मार्ग, बिजली, पेयजल, सीवर सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। डिप्टी स्पीकर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग तालमेल बनाकर कार्य करें ताकि विकास कार्यों में गति बनी रहे।
उन्होंने पूर्व की मनरेगा योजना के तहत कराए गए पक्के कार्यों की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि जिला में निर्मित पार्कों, पुस्तकालयों एवं व्यायामशालाओं की नियमित देखरेख और रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। सब्जी मंडी में शेड और सड़क जैसी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डिप्टी स्पीकर ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कहा कि यदि किसी ठेकेदार द्वारा श्रमिकों को समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता है तो संबंधित विभाग कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सेक्टरों की सड़कों, शाॅपिंग माॅल पर लगभग 22 करोड़ रुपये की राशि खर्च कर उनका कायाकल्प किया जाएगा।
इस दौरान मोहम्मद इमरान रजा, एसपी कुलदीप सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार, जींद के एसडीएम सत्यवान मान, डीएमसी सुरेन्द्र सिंह, सीएमओ डॉ. सुमन कोहली, डाॅ. रुद्राक्ष मिड्ढा मौजूद रहे।
बॉक्स
3.15 करोड़ से होगी सड़कों की स्पेशल रिपेयरिंग
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि 3.15 करोड़ रुपये से दालमवाला-जीवनपुर-नगूरां, दरियावाला से बरसोला, जींद बाईपास हांसी रोड से भिवानी रोड की स्पेशल रिपेयरिंग की जाएगी। इसके अलावा पांडू पिंडारा तीर्थ स्थल, सेक्टर-10 में बनने वाली एक्साइज विभाग के भवन पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह के पुराने भवन पर भी कार्य चल रहा है। अस्पताल में आपातकालीन वार्ड की फर्श, फाल सीलिंग, बाथरूम के नवीनीकरण, अग्निशमन आदि कार्य करवाए हैं। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों व डॉक्टरों को सुविधा होगी।