जींद। राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को 61वीं दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसमें मुख्यातिथि प्राचार्य सत्यवान मलिक रहे। 800 मीटर दौड़ पुरुष वर्ग में अजय ने पहले स्थान के साथ विजय प्राप्त की। वहीं, महिला वर्ग में गरिमा ने पहला स्थान पाया।
कार्यक्रम में अनुशासन व टीम भावना का परिचय देते हुए खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। प्रतियोगिता की शुरुआत कॉलेज में ध्वजारोहण के बाद हुई और इसके बाद शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इसमें खेल भावना व नियमों के अनुसार खेलने तथा नशे से दूर रहने की शपथ ली गई।
सत्यवान मलिक ने कहा कि खेल मानव जीवन का अनिवार्य अंग है। यह केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है बल्कि प्रकृति प्रदत्त शारीरिक, मानसिक व भावनात्मक क्षमताओं को निखारने व अभिव्यक्त करने का माध्यम है। उप-प्राचार्य मुनीश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन 1500 मीटर दौड़ (पुरुष एवं महिला), लंबी कूद (महिला), शॉट पुट (पुरुष), और 100 मीटर दौड़ (पुरुष, महिला, टीचिंग व नॉन-टीचिंग स्टाफ) जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। समापन समारोह में मुख्यातिथि एसडीएम सत्यवान सिंह मान विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम
800 मीटर दौड़ पुरुष वर्ग में अजय ने प्रथम, जतिन ने द्वितीय और यमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर महिला दौड़ में गरिमा ने प्रथम, आशा ने द्वितीय व काफी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ पुरुष में विजय प्रथम, यमन द्वितीय, जतिन तृतीय स्थान पर रहा। 200 मीटर महिला वर्ग में गरिमा ने प्रथम, आशा द्वितीय, निशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डिस्कस थ्रो पुरुष वर्ग में राघव प्रथम, अमित द्वितीय व साहिल तृतीय स्थान पर रहा। डिस्कस थ्राे महिला वर्ग में गरिमा प्रथम, काफी द्वितीय व आशा तृतीय स्थान पर रही। शॉटपुट पुरुष वर्ग में राघव प्रथम, साहिल द्वितीय व अमित तृतीय स्थान पर रहा। शॉटपुट महिला वर्ग में काफी प्रथम, गरिमा द्वितीय व आशा तृतीय स्थान पर रही। लॉन्ग जंप पुरुष वर्ग में ईशु प्रथम, हिमांशु द्वितीय व साहिल तृतीय स्थान पर रहा। लॉन्ग जंप महिला वर्ग में आशा प्रथम, गरिमा द्वितीय व निशु तृतीय स्थान पर रही। ट्रिपल जंप पुरुष वर्ग में साहिल प्रथम, ईशु द्वितीय व यमन तृतीय स्थान पर रहा। ट्रिपल जंप महिला वर्ग में आशा प्रथम, गरिमा द्वितीय, निशू तृतीय स्थान पर रही। हाई जंप पुरुष वर्ग में साहिल ने प्रथम, हिमांशु ने द्वितीय व अंशुल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हाई जंप महिला वर्ग में गरिमा ने प्रथम, आशा ने द्वितीय व नीतू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।