16जेएनडी14-गोहाना रोड स्थित राजकीय पीजी कॉलेज का फोटो। संवाद
जींद। सीबीएसई (केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) और एचबीएसई (हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड) के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब कॉलेजों में दाखिले के लिए विद्यार्थियों की भागदौड़ शुरू हो गई है।
इस वर्ष हरियाणा विद्यालय बोर्ड से और सीबीएसई बोर्ड से 15 हजार से अधिक विद्यार्थी पास हुए हैं। जिले के 17 राजकीय और निजी कॉलेज और विश्वविद्यालय समेत यूजी कोर्स में लगभग साढ़े 11 हजार सीट हैं।
वहीं उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा कॉलेज में दाखिले के आवेदन को लेकर ऑनलाइन पोर्टल 19 मई से खोला जाएगा। इसके बाद विद्यार्थी दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने सभी कॉलेजों को पत्र जारी किया है। पत्र में लिखा है कि दाखिले से पहले सभी कॉलेज के प्राचार्य अपने-अपने कॉलेजों का ब्योरा अपडेट करना होगा। इसके बाद से सभी कॉलेज अपनी डिटेल अपडेट करने में लगे हुए हैं। कॉलेजों में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी लगाए जाएंगे।
सभी कॉलेजों के प्राचार्य पत्र मिलने के बाद कॉलेज की डिटेल पोर्टल पर अपलोड कर रहे है। शहर के राजकीय पीजी कॉलेज और राजकीय महिला कॉलेज में दाखिले को लेकर सबसे ज्यादा मारामारी रहेगी। विद्यार्थी फीस ऑनलाइन माध्यम से भर सकते हैं। विद्यार्थी किसी भी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-2133 पर संपर्क कर सकते हैं।
दाखिला प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। इसमें पहली मेरिट लिस्ट लगेगी। इसके बाद खाली सीट रहने पर दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। फिर भी अगर कॉलेजों में सीट खाली रहती हैं तो फिजिकल काउंसलिंग के तहत दाखिले होंगे।