13जेएनडी41: नागरिक अस्पताल में धूप का आनंद लेते हुए मरीज व तीमारदार। संवाद
जींद। सोमवार को दिन की शुरूआत धुंध के साथ हुई, लेकिन बाद में दिनभर धूप खिलने से मौसम साफ रहा। इसके कारण ठंड से कुछ हद तक राहत जरूर मिली। धूप खिलने से शहर में भी रौनक दिखाई दी। इसके चलते बाजारों में रौनक लौटी तो वहीं आमजन को जहां भी धूप में बैठने का मौका मिला। वहीं बैठे दिखाई दिए।
सोमवार को अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ, जबकि न्यूनतम में गिरावट दर्ज की गई। उत्तर पश्चिम से चली हवा से ठंड का अहसास लगातार जारी रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान सात डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 92 प्रतिशत तथा हवा की गति आठ किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। धूप का खिलना फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम परिवर्तनशील तथा शुष्क बना रहेगा। धुंध तथा कोहरा भी देखने को मिलेगा। दो दिन तक बूंदाबांदी के बाद सोमवार को दिन का आगाज कडाके की ठंड तथा धुंध के साथ हुआ। खिली धूप ने लोगों को दिन में ठंड से कुछ राहत दी। उत्तर पश्चिम की तरफ से चली ठंडी हवा जरूर ठिठुरन पैदा करती रही। शाम को फिर से ठंड बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिक डाॅ. राजेश ने बताया कि मौसम परिवर्तनशील तथा शुष्क बने रहने की संभावना है। दिन में मौसम साफ रहेगा। धुंध तथा कोहरा भी देखने को मिलेगा। दिन का तापमान में कुछ इजाफा होगा तो रात के तापमान में गिरावट आएगी।