जींद। राजकीय और प्राइवेट स्कूलों में 9वीं और 11वीं कक्षा में दाखिले को लेकर सेकंडरी शिक्षा हरियाणा की ओर से पत्र जारी किया गया है।
जारी किए गए पत्र के अनुसार कक्षा 9वीं में सामान्य दाखिले एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक होंगे। इसके बाद संस्थान के मुखिया की अनुमति से एक मई से लेकर 16 मई तक बिना विलंब शुल्क दाखिले किए जाएंगे।
फिर भी अगर सीट खाली रह जाती हैं तो संस्थान के मुखिया संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से अनुमति प्राप्त करते हुए 17 मई से लेकर 31 मई तक बिना विलंब शुल्क दाखिले कर सकेंगे। वहीं 11वीं कक्षा में दाखिले को लेकर नया सत्र शुरू होने पर प्रोविजनल दाखिले एक अप्रैल से शुरू होंगे। फिर सामान्य दाखिले बोर्ड द्वारा घोषित परिणाम के दस दिनों के अंदर होंगे। अगले दस दिनों तक संस्थान के मुखिया की अनुमति द्वारा बिना विलंब शुल्क दाखिले होंगे। इसके बाद भी अगर सीट खाली रह जाती है तो संस्थान के मुखिया द्वारा संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी से अनुमति प्राप्त करते हुए बिना विलंब शुल्क दाखिले किए जाएंगे।
इसके उपरांत सेकेंडरी शिक्षा हरियाणा के निदेशक की अनुमति से दाखिले होंगे। बता दें कि अप्रैल माह से स्कूलों में नया सत्र शुरू हो जाता है। राजकीय और प्राइवेट स्कूलों में ज्यादा से ज्यादा दाखिला करवाने को लेकर होड़ लगी रहती है। शिक्षकों द्वारा घर-घर जाकर विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं और बेहतर शिक्षा प्रणाली के बारे में अवगत करवाते हैं। अब 10वीं और 12वीं कक्षा की हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं भी समाप्त हो चुकी हैं।
परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों की ओर से अगली कक्षा में दाखिला लेने की तैयारी रहती है। ऐसे में सेकेंडरी शिक्षा हरियाणा द्वारा नए सत्र में 9वीं और 11वीं कक्षा में दाखिले को लेकर शेड्यूल जारी किया गया है।