फोटो 1 नरवाना। कावड़ यात्रा के दौरान मौत हुई सचिन व अजय के घर परिवार को सांत्वना देने पहुंचे आद
- फोटो : 1
नरवाना। कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने मंगलवार को नरवाना विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रॉपर्टी टैक्स और बिजली के सरचार्ज को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान हादसे में दो युवाओं की मौत पर शोक जताते हुए परिजनों को सांत्वना भी दी। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि एक अगस्त से लागू नई प्रॉपर्टी टैक्स व्यवस्था से आमजन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स को कलेक्टर रेट से जोड़ने के कारण भविष्य में टैक्स में लगातार बढ़ोतरी की संभावना है। उनके अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में कलेक्टर रेट में कई बार वृद्धि की गई है और अब इसका सीधा असर प्रॉपर्टी टैक्स पर पड़ेगा।
विधायक ने बिजली बिलों पर लगाए जा रहे अतिरिक्त सरचार्ज को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोड बढ़ने पर उपभोक्ताओं से 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है। सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में लाखों बिजली उपभोक्ता पहले ही महंगाई से परेशान हैं और ऐसे में अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना जनविरोधी फैसला है।