संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। रोडवेज बसों में सफर के दौरान यदि कोई चालक या परिचालक धूम्रपान करते पाया गया तो उसके खिलाफ रोडवेज डिपो विभागीय कार्रवाई करेगा। इसको लेकर रोडवेज प्रबंधन ने रूटों पर चलने वाले चालक-परिचालकों को आदेश जारी किया है।
रोडवेज प्रबंधन ने पत्र जारी कर कहा है कि सफर के दौरान कोई भी चालक या परिचालक धूम्रपान नहीं करेगा। यदि उनके खिलाफ कोई शिकायत आती है तो तुरंत मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि प्रतिदिन अलग-अलग रूटों से यात्रियों की शिकायतें आती हैं कि चालक या परिचालक सफर के दौरान धूम्रपान करते हैं, जिससे सफर कर रहे बुजुर्ग, बच्चे और महिलाओं को परेशानी होती है। इसको लेकर चालक-परिचालकों को धूम्रपान न करने बारे टोका भी जाता है, लेकिन वे नहीं मानते हैं। वे चलती बस में धूम्रपान करते हैं। बस के भीतर यदि कोई चालक या परिचालक या यात्री धूम्रपान करता है तो पकड़े जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होती है। सरकार का आदेश है कि चलती या खड़ी बस में कोई भी धूम्रपान नहीं करेगा। यदि कोई उल्लंघन करता है तो उस पर विभागीय कार्रवाई करने का प्रावधान है।
बॉक्स
बस में धूम्रपान करने की वीडियो होती है वायरल
रोडवेज बसों में चालक या परिचालक की ओर से धूम्रपान करने की शिकायतें डिपो प्रबंधन के बार अक्सर आती रहती हैं। यात्री लिखित रूप में या ई-मेल के जरिये शिकायत भेजते हैं। उनकी शिकायत होती है कि चालक-परिचालक रोकने के बाद भी धूम्रपान करते हैं जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। कई बार तो यात्री धूम्रपान करते हुए चालक-परिचालक की वीडियो तक बना लेते हैं और फिर वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देते हैं। अक्सर ऐसी वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आती रहती हैं।
वर्जन.
धूम्रपान करने पर उसका सीधा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ता है। तंबाकू स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और इससे कैंसर हो सकता है। सिगरेट के डिब्बे पर चेतावनी लिखा होने के बाद भी लोग सिगरेट पीना कम नहीं करते हैं। सिगरेट पीने वालों के साथ ही उनके साथ रहने वाले लोगों को भी कैंसर हो सकता है। भारत में हर साल तंबाकू के सेवन से मरने वालों की संख्या 13.5 लाख के पार है।-डॉ. रमेश पांचाल, विशेषज्ञ, जींद
वर्जन
बसों में सफर के दौरान चालक-परिचालकों द्वारा धूम्रपान करने की शिकायतें आती रहती हैं। इसको लेकर सभी चालक-परिचालकों को सख्त आदेश दिया गया है कि वे सफर के दौरान बसों में धूम्रपान न करें। यदि किसी भी चालक या परिचालक की बस में धूम्रपान करने संंबंधित शिकायत आई तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई कर जुर्माना भी लगाया जाएगा।-कमलजीत सिंह, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद।