28जेएनडी30-जल संरक्षण अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने पहुंची टीम। स्रोत विभाग
जींद। पेयजल को सर्विस स्टेशन, सब्जी और हरा चारा लगाने में उपयोग करने पर पेयजल कनेक्शन काटकर उसके खिलाफ विभाग कार्रवाई करेगा। यह जानकारी जल संरक्षण व पेयजल रिकवरी अभियान की समीक्षा करते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार डॉ. रणधीर मताना ने कही।
उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में विभाग की टीम बनाकर लोगों के पेयजल से संबंधित समस्याओं को दूर किया जा रहा है। इसके तहत विभाग की टीम घर-घर जाकर पेयजल कनेक्शन की जांच कर रही है। ग्रामीण क्षेत्र व शहरी क्षेत्र में कुछ पेयजल उपभोक्ताओं द्वारा सर्विस स्टेशन के लिए पेयजल का उपयोग किया जा रहा है जो की गलत है।
यदि कोई उपभोक्ता ऐसा करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कुछ लोगों द्वारा सब्जी और पशुचारे के लिए भी पेयजल का गलत तरीके से उपयोग किया जाता है। यदि कोई भी उपभोक्ता पेयजल का उपयोग सब्जी उगाने व हराचारा उगाने के लिए करता हुआ पाया जाता है तो उसका पेयजल का कनेक्शन काटकर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल के लिए विभाग की टीम पाइप लाइन लीकेज और अधूरे कनेक्शन को तुरंत ठीक कर रही है। इसके साथ ही जिला में सभी जगह क्लोरीन युक्त पेयजल की सप्लाई की जा रही है और गांव की हर गली से पानी के सैंपल लेकर पेयजल में क्लोरीनेशन की जांच उपभोक्ता के सामने की जा रही है।
ग्राम जल एवं सीवरेज समिति के साथ विभाग की टीम गांव में घर-घर जाकर खुले चल रहे पेयजल के कनेक्शन चेक कर रही है। यदि किसी उपभोक्ता द्वारा अपने पेयजल कनेक्शन पर टेप नहीं लगाई हुई तो टीम उसे नलों पर टेप लगाने के लिए जागरूक कर रही है, ताकि गांव व शहर के हर घर तक पानी पहुंच सके l
बॉक्स
आज से पेयजल बिल रिकवरी अभियान चलेगा
जिला के सभी ब्लॉकों में एक मार्च से पेयजल बिल एकत्रित करने के लिए अभियान चलेगा। इस अभियान में घर घर जाकर उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए जागरूक किया जाएगा।