05जेएनडी28: बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने के आदेश देते एसडीम जगदीश चंद्र। स्रोत प्रशासन।
- फोटो : 1
नरवाना। एसडीएम जगदीश चंद्र ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सड़कों पर गलत तरीके से खड़े वाहनों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी और नगर परिषद के अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि बाजारों और मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि बस स्टैंड के बाहर मुख्य सड़क पर नियमित रूप से वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। इसके अलावा सर्विस रोड पर दुकानदारों द्वारा सामान बाहर रखने और रेहड़ी-पटरी वालों के अतिक्रमण से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे न केवल जाम की स्थिति बनती है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने नए बस स्टैंड से पुराने बस स्टैंड तक मुख्य सड़क को पूरी तरह वाहनों से मुक्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को दुकानदारों की ओर से सड़क पर फैलाए गए सामान के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा।
एसडीएम ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी कूड़ा करकट निर्धारित स्थान और डस्टबिन में ही डालें, ताकि शहर स्वच्छ और सुंदर बना रहे।
एसडीएम जगदीश चंद्र स्थानीय लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में जन समस्याएं सुन रहे थे। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित पांच शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। समाधान शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।