जींद। युवती के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर दुष्कर्म करने, तीन लाख रुपये व सोने के जेवरात हड़पने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपी राजस्थान के हनुमानगढ़ के दीपलाना बारनी निवासी अजय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर युवती को अपने झाल में फंसाया था। पुलिस ने आरोपी को पांच दिन के रिमांड पर लिया है। वह हनुमानगढ़ में ही नौकरी करता था।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में सदर थाना क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती ने बताया कि उसकी जान-पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से राजस्थान के हनुमानगढ़ में आईपीएस अधिकारी बताने वाले अजय से हुई थी। उसकी अजय से काफी दिनों तक बातचीत हो रही थी। अजय ने उसकी सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। इसके लिए आठ लाख रुपये मांगे। दोनों में दोस्ती होने के बाद वह उससे मिलने के लिए जींद आया और नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इस वीडियो का डर दिखाकर उसने फरवरी से जून तक कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसको नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये, सोने की चूड़ी, एक मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट भी ले लिया। इसके बाद भी उसकी नौकरी नहीं लगावाई। इसके बाद आरोपी ने उसको इन घटनाओं के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शहर थाना की जांच अधिकारी एएसआई रीना रानी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हनुमानगढ़ के वार्ड 9 के दीपलाना बारनी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि आरोपी से ठगी गई राशि व जेवरात बरामद किए जा सकें।