अलेवा। हत्या कर शव को खुर्दबुर्द करने के आरोप में अलेवा थाना पुलिस ने खांडा गांव निवासी एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अलेवा थाना पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के जिला गंगानगर के सुरतगढ़ निवासी भैरों सिंह राय ने बताया कि लगभग 18 वर्ष पहले उसकी बहन निर्मला की शादी गांव खांडा निवासी राजेश के साथ हुई थी। शादी के बाद उसकी बहन निर्माला ने तीन बच्चों को जन्म दिया। 11 अगस्त को उसकी बहन निर्मला का राजेश, रोशन और किताबो ने गला दबाकर हत्या कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। जिसकी सूचना उन्होंने उनको अगले दिन दी। जब उन्होंने उसकी बहन के मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की तो उन्होंने उनको इस बारे में गुमराह कर दिया। अलेवा थाना प्रभारी बीरबल सिंह ने बताया कि राजस्थान के जिला गंगानगर निवासी भैरों सिंह की शिकायत पर खांडा निवासी एक महिला सहित तीन के खिलाफ हत्या कर शव को खुर्दबुर्द करने का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।