जींद। आर्मी में नौकरी लगवाने के नाम पर दो युवकों से 13 लाख रुपये ऐंठने के आरोपी निडाना निवासी संजय को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में शहर की भटनागर कॉलोनी निवासी मनोज ने बताया कि वह निडाना निवासी संजय का सहपाठी रहा है। संजय ने उसको आर्मी में सैनिक लगवाने की बात कही। इसके लिए उन्होंने साढ़े छह लाख रुपये में नौकरी लगवाने की बात पर सहमति जताई। इसके बाद उसके दूसरे साथी खोखरी निवासी संदीप ने भी साढ़े छह लाख रुपये आरोपी संजय को दे दिए। वह दोनों को अपने साथ श्रीनगर में 13 आरआर सेंटर पर लेकर गया। वहां पर आर्मी के कई अधिकारियों से मिलवाया। उनको दोनों ने आर्मी में भर्ती होने की इच्छा के बारे में बताया। इस पर संजय ने कहा कि उन्होंने इन अधिकारियों के माध्यम से पहले भी कई युवाओं को नौकरी लगवाया है। संजय ने पहले दोनों से दो-दो लाख रुपये लिए और बाकी राशि नियुक्ति पत्र मिलने के बाद देना तय हुआ। आरोपी ने नियुक्ति पत्र, पुलिस सत्यापन व मेडिकल करवाने की सारी जिम्मेवारी खुद ली। आरोपी उनको 28 जुलाई 2017 को अपने साथ यह कहकर श्रीनगर ले गया कि तुम्हारा मेडिकल होगा और 29 जुलाई 2017 को उनका फर्जी मेडिकल 13 आरआर सेंटर श्रीनगर में करवाया। इसके बाद उन दोनों को आठ अगस्त 2017 को फर्जी नियुक्त पत्र भेजकर 30 अगस्त को नियुक्ति करने की बात कही। इसके अलावा उन दोनों से 24-24 हजार रुपये वर्दी और अन्य खर्च के ले लिए। उन्होंने कई दिनों तक वहां रखा। इसके बाद जब उनको नौकरी नहीं मिली तो आरोपी से अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपी ने उन दोनों को एक-एक लाख रुपये वापस दे दिए, बाकी पैसे देने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
आर्मी में फर्जी तरीके से नौकरी लगवाने के नाम पर 13 लाख रुपये हड़पने के आरोपी निडाना निवासी संजय को हिरासत में ले लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह किन लोगों के साथ मिलकर लोगों को नौकरी के नाम पर ठग रहा है। - पवन कुमार एसआई, रोहतक रोड चौकी जींद