जींद। डाहौला गांव निवासी युवक को जर्मनी भेजने के नाम पर 18 लाख लेकर दुबई व बाकू देशों में कई महीने तक रखने के आरोपी करनाल जिले के खेड़ी नरू निवासी जितेंद्र को अलेवा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुुलिस को दी शिकायत में डाहौला गांव निवासी ईश्वर ने बताया कि उनके छोटे भाई मोहित की करनाल के नरू खेड़ी निवासी जितेंद्र के भतीजे अंकित के साथ दोस्ती थी। अंकित ने बताया कि उनका चाचा जितेंद्र वैध तरीके से विदेश में भेजकर वर्क वीजा लगवाने का काम करता है। अंकित मई 2023 में जर्मनी गया था। अंकित ने ईश्वर के साथ भी जितेंद्र का संपर्क करवाया था। मोहित ने भी जर्मनी जाने की इच्छा जाहिर की तो जितेंद्र ने बताया कि चंडीगढ़ में उसका पार्टनर विक्रम है। वह दोनों मिलकर यह काम करते हैं। इस पर आरोपी ने 18 लाख रुपये ले लिए और 19 जून को जर्मनी की फ्लाइट बुक करवाने के बाद मोहित को जहाज में बैठाकर जर्मनी के बजाय दुबई भेज दिया। एक महीने तक दुबई में भूखा-प्यासा रखा गया। अलेवा थाना के एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।