घर तक पहुंचाए जाने वाले रसोई गैस सिलिंडर के बदले में लिए जाने वाले होम डिलिवरी चार्ज को मार्च 2019 में ही सरकार समाप्त कर चुकी है। इसके बाद भी गैस सिलिंडर सप्लाई करने वालों द्वारा चार्ज लिया जा रहा है। जिले में 25 गैस एजेंसियां हैं, जो जिले के दो लाख उपभोक्ताओं को सिलिंडर की होम डिलिवरी करते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं ने सिलिंडर को सप्लाई करने वालों पर हर महीने लाखों रुपये की चपत लगाने का आरोप लगाया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलिंडर सप्लायरों द्वारा ग्राहकों से होम डिलिवरी के नाम पर 17 से 20 रुपये वसूले जा रहे हैं। शुरूआत में गैस सिलिंडर की होम डिलिवरी के चार्ज तय किए गए थे। इसके तहत 10 किलोमीटर तक की दूरी के लिए 17 रुपये और 10 से 15 किलोमीटर की दूरी के लिए 20 रुपये तक चार्ज देने पड़ते थे, लेकिन मार्च 2019 में ग्राहकों की सुविधा के लिए होम डिलिवरी चार्ज को समाप्त कर दिया था। लोगों ने कहा कि प्रशासन इसकी वसूली बंद कराने में नाकाम रहा है। आलम यह है कि जिले के 25 गैस एजेंसियोें के सिलिंडर सप्लायरों द्वारा सरकार के आदेशों को नजरअंदाज करते हुए होम डिलिवरी चार्ज लिया जा रहा है। शहर में उपभोक्ताओं से 20 रुपये व ग्रामीण क्षेत्र में 30 रुपये तक वसूला जा रहा है, लेकिन गैस एजेंसी संचालकों द्वारा सप्लायरों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
गृहणियों के साथ हो रहा धोखा
हर महीने उपभोक्ताओं द्वारा सिलिंडर की बुकिंग की जाती है तो सिलिंडर की होम डिलिवरी के नाम पर कर्मचारी चार्ज वसूल रहे हैं। अगर सरकार ने मार्च 2019 में होम डिलिवरी चार्ज को बंद कर दिया था तो यह उपभोक्ताओं के साथ धोखा हो रहा है। ऐसे लाखों उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। होम डिलिवरी के नाम पर कम से कम 20 से 30 रुपये एक उपभोक्ता से लिए जा रहे हैं। -सुमन श्योराण, गृहणी।
उपभोक्ताओं को देनी चाहिए थी जानकारी
मार्च में होम डिलिवरी चार्ज अगर बंद कर दिया गया था तो उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। उपभोक्ताओं से होम डिलिवरी के नाम पर रुपये लेना गलत है। नियमानुसार होम डिलिवरी चार्ज बंद होने पर चार्ज ले रहे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। ऐसे में यह उपभोक्ताओं के साथ एक बहुत बड़ा धोखा है।
-सुमित्रा, गृहणी।
उपभोक्ताओं के रुपये दिए जाएं वापस
पिछले नौ महीने में उपभोक्ताओं से होम डिलिवरी के नाम पर जो रुपये लिए गए हैं, वह उपभोक्ताओं को वापस दिए जाएं। उपभोक्ताओं को इस बात की जानकारी नहीं थी, तभी कर्मचारी होम डिलिवरी के नाम पर रुपये लूट रहे हैं। हर उपभोक्ता को रुपये वापस देने चाहिए। वहीं ऐसे कर्मचारियों पर कार्रवाई भी जाए, जो चार्ज ले रहे हैं।
-पूनम, गृहणी।
अगर कोई गैस एजेंसी चालक होम डिलिवरी चार्ज लेता है तो करें शिकायत
सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि होम डिलिवरी चार्ज बंद कर दें। सरकार ने स्पष्ट आदेश जारी किए हैं कि गैस उपभोक्ताओं से सिलिंडर होम डिलिवरी चार्ज नहीं लिया जा सकता। यदि कोई गैस एजेंसी होम डिलिवरी चार्ज ले रहे हैं तो उपभोक्ता इसकी शिकायत अधिकारियों को दें, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मार्च में होम डिलिवरी चार्ज खत्म कर दिया गया है।
-अमित कुमार, इंस्पेक्टर खाद्य आपूर्ति विभाग जींद।