जींद। नरवाना रोड पर स्थित एक होटल में घुसकर होटल संचालक पर लाठी व डंडों से हमला कर हत्या का प्रयास करने के आरोपी गोहाना की गीता कालोनी निवासी सुनील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है। इस दौरान उससे अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
हिसार जिले के सुलतानपुर गांव निवासी आजाद ने 22 मई 2021 को सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह एटीसी कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्य करता है और जींद में नरवाना रोड पर होटल बुढ़ाखेड़ा निवासी प्रदीप व झाड़ोद निवासी चेतन के सांझे में चलता है। उसने बताया कि एटीसी कंपनी की ड्यूटी के दौरान टावर साइट पर गोहाना की गीता कालोनी निवासी सुनील के साथ साइट डाउन करने को लेकर उसकी कहासुनी हो गई थी। इस पर सुनील ने रंजिशन 21 मई की रात को अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से होटल में घुसकर उस पर हमला कर दिया। जिससे उसके सिर व पैरों पर चोटें आईं। इसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया था। बचाव के लिए शोर मचाए जाने पर सभी हमलावर वहां से उसको जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए और बाहर खड़ी उसकी गाड़ी को भी तोड़ दिया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि इस मामले में गोहाना की गीता कालोनी निवासी सुनील को गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में पहले भी पुलिस ने सोनीपत के रिठाल निवासी सुनील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब रिमांड पर लिए गए आरोपी से हत्या के प्रयास में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।