नरवाना। गढ़ी थाना पुलिस ने अदालत में पहले ही बेचे जा चुके वाहन की आरसी जमानत के दस्तावेज के रूप में पेश कर अदालत को गुमराह करने के मामले में आरोपी धमतान साहिब की हांसा पत्ती निवासी इकबाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।
गढ़ी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस ने धमतान साहिब निवासी रेखा को गिरफ्तार किया था। उसकी जमानत करवाने के लिए उसके भाई इकबाल ने अदालत में एक वाहन की रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) जमानत के दस्तावेज के रूप में पेश की थी।
अदालत के निर्देश पर जब वाहन के पंजीकरण संबंधी रिकॉर्ड की जांच करवाई गई तो सामने आया कि इकबाल इस वाहन को वर्ष 2023 में ही किसी अन्य व्यक्ति को बेच चुका था। इसके बावजूद उसने वाहन की आरसी का इस्तेमाल अपनी बहन की जमानत करवाने के लिए किया।
मामले में अदालत के आदेशानुसार गढ़ी थाना में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।