नागरिक अस्पताल में घायलों को लेकर आते हुए परिजन।
- फोटो : jind
गांव बहादुरगढ़ के पास मंगलवार को बारातियों से भरी गाड़ी बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें गाड़ी सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने गाड़ी में फंसे लोगों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव कब्जे में लिए। हादसे की सूचना मिलते ही शादी की खुशी मातम में बदल गई। इसके बाद बारात में आए हुए लोग नागरिक अस्पताल में पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, गांव मांडी निवासी बृजेश की बारात गांव सिल्लाखेड़ी आई हुई थी। गांव मांडी निवासी राजेश उर्फ राजू, सत्यवान, देवेंद्र, जयमन, विरेंद्र, सोमबीर भी बारात में आए हुए थे। सिल्लाखेड़ी में खाना खाकर वे अपने किसी जानकार से मिलने बहादुरगढ़ गए हुए थे। जब वे गांव बहादुरगढ़ के पास पहुंचे तो एक कैंटर को ओवरटेक करते हुए गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकालकर उन्हें अस्पताल में पहुंचाया। चिकित्सकों ने 25 वर्षीय राजेश उर्फ राजू और 38 वर्षीय सत्यवान को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। घायल सोमबीर, रविंद्र ने बताया कि वे मंगलवार को गांव मांडी से सिल्लाखेड़ी में अपने दोस्त के साथ आए हुए थे। मृतक सत्यवान अपने पीछे पत्नी और एक लड़का व लड़की को छोड़ गया।