14जेएनडी04: जिला पार्टी कार्यालय में अभय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर केक काटते हुए कार्यकर्ता। स्
जींद। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला का 63वां जन्मदिन शनिवार को जिला पार्टी कार्यालय में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इनेलो जिला अध्यक्ष विजेंद्र रेढू ने की। कार्यकर्ताओं ने केक काटे और लड्डू बांटे। इसके पश्चात सभी नेता और कार्यकर्ता सोमनाथ गौशाला पहुंचे जहां गायों को चारा खिलाया।
विजेंद्र रेढू ने कहा कि आज हरियाणा में अभय सिंह चौटाला ही एकमात्र ऐसे नेता हैं जो अपनी जुबान के पक्के हैं। उन्होंने कहा कि चाहे पंजाब सरकार द्वारा हरियाणा का पानी रोकने का मुद्दा हो या बुजुर्गों की पेंशन काटने का मामला, अभय सिंह की हुंकार के आगे सरकारों को झुकना पड़ा है। उनकी चेतावनी के बाद ही न केवल रुकी हुई पेंशन जारी हुई बल्कि 200 रुपये की वृद्धि भी की।
रेढू ने कहा कि आज प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। हरियाणा का युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है जबकि भर्तियों में 22 प्रतिशत बाहरी लोगों को तरजीह दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट के नाम पर युवाओं को फेल किया जा रहा है और केवल 2.27 प्रतिशत विद्यार्थियों को पास दिखाकर उनके भविष्य के साथ मजाक किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनता अब मन बना चुकी है और 2029 में अभय सिंह चौटाला को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाएगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामफल कुंडू, हलकाध्यक्ष सुखजिंदर उर्फ पप्पू रेढू, प्रदीप गिल, जयकुमार पंवार, एडवोकेट भूपेंद्र देशवाल, जयनारायण जिलेदार, जेपी दहिया और प्रो. बलवान पेगां आदि मौजूद रहे।