जींद। कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सहायता के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से ‘आपका मित्र’ पोर्टल लॉन्च किया गया है। पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी यूजी और पीजी कोर्स की फीस से लेकर विषय और विभाग बदलने की जानकारी ऑनलाइन ले सकेंगे। अभी तक इसके लिए विद्यार्थियों को बाबुओं के पास चक्कर काटने पड़ते थे। अब इनकी ऐसी समस्याओं का ऑनलाइन हल निकलेगा।
विभाग की ओर से लॉन्च किए गए आपका मित्र पोर्टल पर विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप, कॉलेज संबंधी शिकायत, सोशल मीडिया, ई-कंटेंट, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, ब्लड डोनेशन को शामिल किया गया है। इसकी खास बात यह है कि इसमें सभी सवाल पहले से ही टाइप किए गए हैं। विद्यार्थियों को केवल अपने सवालों का चयन करना है। उस पर क्लिक करते ही सवाल का जवाब तुरंत प्रभाव से उपलब्ध होगा। आपका मित्र पोर्टल से विद्यार्थी स्कॉलरशिप की समस्या का ऑनलाइन हल करवा सकेंगे। ऐसे कई विद्यार्थी होते हैं जिनको स्कॉलरशिप का लाभ मिलता है। जानकारी के अभाव में कई विद्यार्थी स्कॉलरशिप से वंचित रह जाते हैं। ऐसे ही अब कॉलेज स्तर पर पासपोर्ट व ड्राइविंग लाइसेंस बनते हैं। इसको लेकर भी विद्यार्थी दुविधा में रहते हैं। संबंधित प्रोफेसर से जानकारी नहीं ले पाते हैं। इनकी समस्या ऑनलाइन हल हो जाएगी।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने आपका मित्र पोर्टल लॉन्च कर दिया गया है। इससे विद्यार्थी को कई प्रकार से मदद मिलेगी। जैसे ही विद्यार्थी उच्चतर शिक्षा विभाग का पोर्टल खोलते हैं तभी आपका मित्र पोर्टल पर सामने आ जाता है। इस पर क्लिक करते ही दो ऑप्शन सामने आते हैं। हायर एजूकेशन और दूसरा टेक्निकल। अगर हायर एजूकेशन पर क्लिक करते हैं तो इससे संबंधित सवाल सामने आ जाएंगे। इसी तरह अगर टेक्निकल पर क्लिक करते हैं तो उससे जुड़े सवाल सामने आएंगे।
- राजेश्वरी कौशिक, प्राचार्य, राजकीय महिला कॉलेज, जींद