ये लोग काम नहीं करेंगे और काम करने वालों को जेल में डालेंगे तो जनता बर्दाश्त नहीं करेगी
केजरीवाल ने कहा कि मैं पैसा और सत्ता के लिए राजनीति में नहीं आया, मुझे कोई शौक नहीं है, मैं घर बैठूंगा। ये लोग तो यह काम नहीं करेंगे और जो कोई यह काम करेगा, उसको पकड़कर जेल में डालेंगे तो जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। मेरी यह पांचों मांग ये लोग पूरी कर दें, नहीं तो जनता उसके साथ खड़ी होगी जो ये करके दिखाएगा। मैं कट्टर देशभक्त और कट्टर ईमानदार हूं और हम लोग भगवान श्रीराम और हनुमान जी के भक्त हैं। रामराज्य की अवधारणा के हिसाब से हम दिल्ली और पंजाब का शासन चला रहे हैं। हम लोग लोगों की सेवा करने के लिए राजनीति में आए हैं। आज इन्होंने मुझे गिरफ्तार करने की अपनी पूरी ताकत लगा रखी है। मेरे उपर इनकम टैक्स, सीबीआई, ईडी समेत सारी एजेंसियां छोड़ रखी है। ऐसा लग रहा है जैसे इस देश का सबसे बड़ा आतंकवादी केजरीवाल है। आतंकवादी मैं नहीं ये लोग हैं, जिन्होंने चारों तरफ इतनी महंगाई कर रखी है। आज महंगाई सबसे बड़ा आतंक है। हर घर में महंगाई का आतंक फैला हुआ है।
इन लोगों की हर क्षेत्र में सेटिंग है, इसलिए देश भर में इतनी महंगाई है
केजरीवाल ने कहा कि देश में बिजली महंगी इसलिए है, क्योंकि बिजली कंपनियों से इनकी सेटिंग है। बिजली कंपनियां इनके दोस्त की हैं, वो रेट बढ़ा रखी हैं और ये कुछ नहीं करते हैं। दिल्ली में भी पहले बिजली महंगी थी। हमारी सरकार आने के बाद बिजली मुफ्त हो गई। क्योंकि हमने बिजली कंपनियों को ठीक कर दिया। देश में पेट्रोल-डीजल इसलिए महंगा है, क्योंकि तेल कंपनियां इनके दोस्तों की है। उनसे इनकी सेटिंग है। देश में शिक्षा महंगी है, प्राइवेट स्कूल वाले फीस बढ़ा देते हैं, क्योंकि शिक्षा माफिया के साथ इन लोगों की सेटिंग है। दवाई वालों से भी इनकी सेटिंग है, इसलिए दवाइयां महंगी है। सड़क पर हर जगह टोल लगता है। लेकिन पंजाब में हमारी सरकार ने सारे टोल बंद करा दिया। क्योंकि हमारी इनसे सेटिंग नहीं है। हर क्षेत्र में इन लोगों की सेटिंग है, इसलिए देश में इतनी महंगाई है।
केंद्र सरकार की रिपोर्ट के अनुसार पूरे देश में सबसे कम महंगाई दिल्ली-पंजाब में है
केजरीवाल ने कहा कि ये हमें जेल इसलिए नहीं भेज रहे हैं कि हमने भ्रष्टाचार किया है। ये जेल हमें इसलिए भेज रहे हैं क्योंकि हमने बिजली कंपनियों का भ्रष्टाचार बंद कर बिजली मुफ्त कर दी है। हमने शिक्षा माफिया को बंद कर गरीबों के बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा का फ्री में इंतजाम कर दिया। हमने हर परिवार के लिए सरकारी अस्पतालों मे मुफ्त में इलाज का इंतजाम कर दिया है। भ्रष्टाचार हमने नहीं, इन लोगों ने किया है। इनका जहां भी शासन है, वहां बिजली, शिक्षा, दवाइयां महंगी है। हाल ही में केंद्र सरकार की एक रिपोर्ट आई है, जिसमें कहा गया है कि पूरे देश में सबसे कम महंगाई दिल्ली और पंजाब के अंदर है। इन दोनों राज्यों में आम आदमी पार्टी की सरकार है।
इंडिया गठबंधन में जो सहमति होगी, हम उसके हिसाब से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन बना है। इंडिया गठबंधन में जो भी सहमति होगी, हम उसके हिसाब से चुनाव लड़ेंगे। लेकिन आम आदमी पार्टी हरियाणा विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ेगी। हम सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। विधानसभा चुनाव हरियाणा में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए लड़ेंगे। मेरी अपील है कि आम आदमी पार्टी को चुनाव में भारी जीत दिलाकर हरियाणा में भी हमारी सरकार बनाना। हम लोग हरियाणा के लोगों साथ मिलकर हरियाणा को ठीक करेंगे और पूरे देश का नंबर वन राज्य बनाएंगे।
अगर विकास की राजनीति चाहिए तो हरियाणा के लोग अरविंद केजरीवाल को मौका दें- भगवंत मान
हरियाणा के जींद में बदलाव जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 70 में से 67 सीटों पर जीत मिली। साल 2020 के चुनाव में 70 में से 63 सीटों के साथ अरविंद केजरीवाल तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनें। अगर हरियाणा के लोगों को विकास की राजनीति चाहिए तो अरविंद केजरीवाल को मौका दें, वरना जाति, धर्म और नफरत की राजनीति के नाम पर 70 सालों से राजनीति हो रही है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के दिल्ली में किए गए कामों की गूंज पंजाब पहुंची और वहां भी जनता ने मार्च 2022 में आम आदमी पार्टी को 117 में से 92 सीटों पर जीत दिलाई। हमनें सालों से चल रहे भ्रष्टाचार को रोका। आज पंजाब में 90 फीसद लोगों के बिजली का बिल जीरो आ रहा है। हरियाणा का टोहाना, फतेहाबाद, अंबाला और डबवाली आदि पंजाब के साथ सटे हुए इलाके हैं। और यह रोहतक, झज्जर, रोहतक और बहादुरगढ़ दिल्ली से सटे हुए हैं। यहां के लोग दिल्ली और पंजाब के लोगों से पूछ सकता है कि उनका बिजली का बिल कितना आता है। क्योंकि दोनों जगह सरकारें एक पार्टी की हैं और वहां जनता ने सफाई भी एक झाडू से की है। इनसे कोई उम्मीद न रखे कि ये आपके बिजली के बिल माफ करेंगे। सबसे पहले ये काम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में करके दिखाया, फिर उसे हमने पंजाब में अपनाया। अगर हरियाणा के लोगों को भी ये सुविधाएं चाहिए तो अरविंद केजरीवाल को चुनना होगा। अगर धर्म, जाति और नफरत की राजनीति चाहिए तो इसके लिए ये पार्टियां है जो पिछले 70 सालों से लूट रही हैं। इन्होंने अपने रिश्तेदारों के घर भर दिए और जनता बेरोजगार रह गई।
पंजाब के मोहल्ला क्लीनिकों में एक करोड़ लोग अपना इलाज करवा चुके हैं- भगवंत मान
सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में हमारी सरकार बने हुए अभी 20 महीने ही हुए हैं और मैं 42 हजार सरकारी नौकरियां देकर आपके सामने खड़ा हूं। पंजाब चुनाव में हमारे 92 में से 80 विधायक पहली बार एमएलए बने हैं। हम लोग जमीन से जुड़े लोग है। हमें ना ऊंचाई से डर लगता है, न गहराई से डर लगता है। हम केवल भगवान से डरते हैं। जनता के पक्ष में फैसले लेने वाली कलम जनता के पक्ष में ही चलनी चाहिए। आज पंजाब में 664 मोहल्ला क्लीनिक बन चुके हैं, और 125 क्लीनिक अगले हफ्ते खुलने के लिए तैयार हैं। अभी आज तक एक करोड़ लोग उन मोहल्ला क्लीनिकों से अपना इलाज करवा चुके हैं। यानि की पंजाब के हर तीसरे आदमी को इन क्लीनिकों का लाभ हुआ है। आमतौर पर सरकारें आती हैं और सरकारी अदारों को घाटे में दिखाकर अपने दोस्तों को बेच देती है, लेकिन हाल ही में पंजाब सरकार ने एक प्राइवेट थर्मल पावर प्लांट भी खरीदा है। एक जनवरी को हमने यह अनाउंस किया था। सरकार ने गोइंदवाल साहिब प्राइवेट थर्मल पावर प्लांट खरीदा है, अब हम उसे मुनाफे में चला कर दिखाएंगे। कुछ काम करने के लिए नियत साफ होनी चाहिए।
भाजपा को अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता से डर लगता है, इसलिए ईडी से नोटिस भिजवा रही है
सीएम भगवंत मान ने कहा कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने अस्पतालों को शानदार बनाया और सबका इलाज फ्री करवाया तो उन्होंने सत्येंद्र जैन को पकड़कर जेल में डलवा दिया। इसी तरह जब दिल्ली में सभी बच्चों को अच्ची और फ्री शिक्षा मिलने लगी और उनके मुनाफे घटने लगे तो उन्होंने मनीष सिसोदिया को जेल में बंद कर दिया। संसद में बीजेपी के खिलाफ निडर होकर बोलने वाले हमारे नेता संजय सिंह को भी जेल में बंद करवा दिया। अब ये लोग अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता से परेशान है तो उन्हें ईडी के नोटिस भेजे जा रहे हैं। लेकिन हमें डराने की कोशिश बेकार है, हम इनसे डरने वाले नहीं हैं। हम देशभक्त लोग है, हम देश को प्यार करते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा, पंजाब का ही छोटा भाई है। पाकिस्तान के साथ हमारा बॉर्डर लगता है। इसकी रक्षा के लिए हमारे अग्निवीर सीमा पर तैनात खड़े हैं। जब भी कोई गोली देश की तरफ आती है तो पहले हमारे सीने को छलनी करती है। ये लोग हमें देशभक्ति के सर्टिफेकेट बांटने वाले कौन होते हैं। अब समय आ गया है कि हरियाणा के लोगों को भी झाडू उठा लेना चाहिए। आज लाला लाजपत राय की जयंती है, उन्होंने और भगत सिंह ने हमारे लिए कितनी कुर्बानियां दीं है। आपको केवल चुनाव के लिए झाडू का बटन दबाना है।