मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा में जींद से कैथल जिला के शिमला गांव गए युवक की नरवाना में सिरसा ब्रांच नहर में नहाते वक्त डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नरवाना के नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।
खटकड़ गांव निवासी अंकित ने बताया कि वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा कैथल जिला के कलायत पहुंचनी थी। इसके लिए शिमला गांव निवासी एक भाजपा नेता उन्हें बुलाया था। इस पर जींद से 11 लोग क्रूजर गाड़ी में सवार होकर शिमला पहुंचे थे। दोपहर दो बजे जब यह लोग लौट रहे थे तो गर्मी के चलते सिरसा ब्रांच नहर में नहाने की योजना बनाई। इस पर चार-पांच युवक, जिन्हें तैरना आता था, वे नहर में उतर गए । बाकी लोग बाहर रहे। अंकित के अनुसार सभी लोग नहा कर बाहर आ गए थे। इसके बाद शीतलपुरी कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय परमिंद्र ने कहा कि वह पैर धोकर आ रहा है। इस पर कुछ देर तक सभी गाड़ी में ही इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं लौटा तो उसे ढूंढा गया, लेकिन उसका पता नहीं चला। जांच अधिकारी गुरमेल सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की तलाश शुरू की गई तो कुछ दूरी पर युवक का शव बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि सिरसा नहर में सभी दोस्तों ने नहाने का प्लान बनाया। इस दौरान जींद निवासी 24 वर्षीय परमिंद्र डूब गया। जांच अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
स्कूल से है सभी की दोस्ती
अंकित के अनुसार सभी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जाने वालेयुवकों की दोस्ती स्कूल के समय से है। तीन-चार साल पहले सभी जींद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ते थे। इनमें कुछ युवक नरवाना रोड स्थित शीतलपुरी व शिवपुरी कॉलोनी के थे तो कुछ खटकड़ गांव के। अंकित के अनुसार उन्हें भी काफी बाद में पता चला कि परमिंद्र के साथ हादसा हो गया है। परमिंद्र का एक बड़ा भाई भी है। परमिंद्र ने दो-तीन साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी।