नागरिक अस्पताल में परिजनों के बयान दर्ज करती पुलिस।
- फोटो : Jind
जींद। दिल्ली-संगरूर नेशनल हाईवे पर नये बस स्टैंड की तरफ साइकिल से सैर करने निकले एक युवक की बुधवार की देर शाम कार की चपेट में आने से मौत हो गई। मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बराह कलां की मूल निवासी और वर्तमान में इंप्लाइज कालोनी में रहने वाली मुनेश कुमारी ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसका 40 वर्षीय पति शमशेर आटा चक्की चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। बुधवार की शाम को उसका पति सैर करने के लिए साइकिल लेकर घर से निकला था। वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इस दौरान कई बार फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में उसे सूचना मिली कि उसका पति दुर्घटना में घायल हो गया है और वह तुरंत नागरिक अस्पताल जींद पहुंचे। वहां पहुंचने पर देखा कि उसके पति के शरीर पर काफी चोट के निशान थे और उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह नये बस स्टैंड के पास घटनास्थल पर पहुंची, जहां पर देखा कि कार के शीशे टूटे पड़े थे। वहां से पता चला कि कार चालक ने लापरवाही से कार चलाकर साइकिल को पीछे से टक्कर मारी जिससे उसके पति की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने वीरवार को शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और शव को परिजनों को सौंप दिया।
बाक्स
सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।-डॉ. सुनील कुमार सिविल लाइन थाना प्रभारी जींद।